इस साल 14 जनवरी को मकर संक्रांति मनाई जाएगी। लोग मकर संक्रांति के दिन शुभ मुहूर्त देखकर स्नान-दान और पूजा-पाठ करते हैं। इस दिन पवित्र नदियों में स्नान किया जाता है। सूर्य देवता को जल से अर्घ्य देते हैं। गुड़, तिल, चावल, अनाज आदि दान किया जाता है। कहा जाता है कि मकर संक्रांति के दिन किसी जरूरतमंद को दान करने से सभी पाप धुलते हैं। सुख-समृद्धि, पुण्य की प्राप्ति होती है। चलिए जानते हैं मकर संक्रांति पर किन-किन चीजों को दान करने से होता है शुभ।
मकर संक्रांति का स्नान-दान 14 जनवरी को आप पूरे दिन कर सकते हैं। पुण्य काल का शुभ मुहूर्त सुबह 9 बजे से लेकर 10 बजकर 48 मिनट है। इस समय के बीच आप दान करेंगे तो अधिक पुण्य मिलेगा। ज्योतिषाचार्य एवं हस्तरेखाशास्त्री विनोद सोनी पौद्दार कहते हैं कि मकर संक्रांति पर दान करने से जीवन के कष्ट, दुख-दर्द, परेशानियां आदि दूर हो जाती हैं। दान से सूर्य और शनि देव का आशीर्वाद प्राप्त होता है।
आमतौर पर लोग मकर संक्रांति पर तिल, गुड़, चावल, चिड़वा, दाल, रुपये-पैसे आदि दान करते हैं, लेकिन आप इस दिन खिचड़ी दान में किसी जरूरतमंद को जरूर दें। इससे आपके घर में सुख-शांति आएगी।
आपकी कुंडली में सूर्य एवं शनि की स्थिति खराब है तो आप इस शुभ मौके पर गुड़, तिल जरूर दान में दें। इससे इनकी स्थिति कुंडली में ठीक होगी। आपको मान-सम्मान प्राप्त होगा। धन की प्राप्ति होगी। आपके ऊपर शनि की साढ़ेसाती है तो आप काले तिल का दान किसी गरीब या ब्राह्मण को जरूर करें। इससे आपको शनि देवता का आशीर्वाद मिलेगा।
मकर संक्रांति पर आप नमक का भी दान कर सकते हैं। इससे अनिष्टों का नाश होगा। जीवन में चल रहा बुरा समय बीत जाएगा। नए वस्त्रों का भी दान करना चाहिए, इससे आप और आपके परिवार के लोग हमेशा स्वस्थ रहेंगे।
आप इस दिन घी दान में दें। इससे श्रेष्ठ फल प्राप्त होता है। मां लक्ष्मी की कृपा प्राप्त होती है। शरीर निरोगी रहता है। किसी भी गरीब व्यक्ति को आप 7 तरह के अनाज दान करें। मां अन्नपूर्णा आपसे खुश होकर अपना आशीर्वाद देंगी। घर में अन्न की कमी नहीं होगी।
इस शुभ अवसर पर आप किसी जरूरतमंद को काले रंग का कंबल भी दान कर सकते हैं। इससे सभी ग्रहों की कृपा दृष्टि आपके ऊपर बनी रहेगी। इस दिन आप दूध, दही, चावल दान करते हैं तो धन-दौलत की कमी दूर होगी। मां लक्ष्मी की कृपा आपके ऊपर बनी रहेगी। मकर संक्रांति के दिन आप शुभ मुहूर्त पर यदि किसी गरीब, जरूरतमंद व्यक्ति को सरसों का दान करते हैं तो मान-सम्मान प्राप्त होगी।