
publicuwatch24.-रायपुर। देशभर में 2 अक्टूबर यानी आज विजयादशमी का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक ऐसा रावण भी है, जिसकी सुरक्षा के लिए 24 घंटे जवान बंदूक लेकर तैनात हैं। WRS कॉलोनी में 24 सितंबर से 4 CAF (छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स) जवानों की तैनाती की गई।
ये जवान अलग-अलग शिफ्ट में रावण की सुरक्षा कर रहे हैं। नेशनल क्लब के संस्थापक जी.स्वामी ने बताया कि रावण के निर्माण के समय से ही बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना जरूरी होता है। यही कारण है कि जवानों की ड्यूटी लगती है। WRS मैदान में इस साल 110 फीट ऊंचे रावण का पुतला जलाया जाएगा। रावण दहन के बाद 30 मिनट तक आतिशबाजी होगी। बंगाल से टीम बुलाई गई है। मैदान रेलवे ट्रैक के पास होने के कारण सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। रेलवे ट्रैक के किनारे 200 से ज्यादा RPF, GRP और जिला पुलिस बल के जवान तैनात रहेंगे।
गुरुवार दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक बिलासपुर और नागपुर से आने वाली ट्रेनें हॉर्न बजाते हुए 15-20 की स्पीड में गुजरेंगी। लोको पायलट जरूरत पड़ने पर गाड़ी को रोक भी कर सकता है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यपाल रामेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे।