
publicuwatch24.com-जगदलपुर। बस्तर रियासत राजपरिवार के सदस्य कमलचंद्र भंजदेव का विवाह नागौद रियासत की भुवनेश्वरी देवी के साथ संपन्न होने जा रहा है। इसी बीच बुधवार की देर शाम राजपरिवार के सदस्य कमलचंद्र भंजदेव की बारात शहर में निकली। बारात में कमलचंद्र हाथी पर सवार होकर निकले। वहीं बारातियों के साथ आगे-आगे ऊंट-घोड़े के साथ लाव-लश्कर चल रहा था। बरात के आगे बस्तर के विभिन्न जनजातियों के लोकनर्तक नृत्य करते बढ़ रहे थे। इसके बाद विशाल ढोल-नगाड़े और वाद्य यंत्रों से सुसज्जित काफिला था। देश भर से कई राजघरानों के सदस्य भी बरात में शामिल हुए।
बस्तर रियासत राजपरिवार के इस विवाह समारोह में शाही अंदाज में शहर में कमलचंद्र भंजदेव की बारात निकली, जिसे देखने लोग उमड़ पड़े। गाजे-बाजे के साथ निकली बारात को हर कोई देखने सड़क पर निकल आया। राजमहल से निकली बारात राजमहल से होते संजय बाजार, चांदनी चौक, स्टेट बैंक चौक होते हुए बरात वापस राजमहल पहुंची। पूरा शहर इस विशेष अवसर का साक्षी बना। लोग उत्साहित थे और इस पल को अपने कैमरे में कैद कर रहे थे। बस्तर राजपरिवार में हो रहे विवाह समारोह में देश भर से राजघराने के लोग पहुंचने लगे हैं। अतिथियों के मनोरंजन के लिए प्रतिदिन राजमहल में सांस्कृतिक कार्यक्रम रखे गए हैं। बुधवार देर रात को बैंगलूरु की प्रसिद्ध सुफी कलाकार खनक जोशी ने प्रस्तुति दी। इसका देर रात तक अतिथियों ने आनंद उठाया।