publicuwatch24.- रायपुर। विकसित भारत-जी राम जी (वीबी-जी राम जी) योजना के आयुक्त एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के संचालक तारन प्रकाश सिन्हा ने बेमेतरा जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों का रविवार को दौरा कर ग्रामीण रोजगार, जल संरक्षण, अधोसंरचना विकास एवं आजीविका संवर्धन से जुड़े कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीण परिवारों की मांग के अनुरूप अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने तथा स्वीकृत कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। आयुक्त श्री सिन्हा ने धार-अपार अभियान के अंतर्गत नदी किनारे संचालित जल संरक्षण एवं ट्रेंच निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यस्थल पर नियोजित 138 श्रमिकों से संवाद कर उन्हें योजना के प्रावधानों एवं समय पर मजदूरी भुगतान की जानकारी दी। उन्होंने श्रमिकों की उपस्थिति एनएमएमएस ऐप के माध्यम से स्वयं दर्ज कर कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने का संदेश दिया।
