publicuwatch24.-आरंग। शासन-प्रशासन की लाचार कार्यप्रणाली और रेत माफिया के बुलंद हौसलों की जीती-जागती बानगी देखनी हो, तो आरंग के कुरूद स्थित महानदी तट पर चले आइए। शनिवार देर रात खनिज विभाग की कथित छापामार कार्रवाई के महज़ कुछ ही घंटों बाद रेत माफिया का ‘सिंडिकेट’ एक बार फिर पूरी ताकत के साथ महानदी का सीना चीरने उतर आया है।
संबंधित खबर : छापे का नहीं दिखा कोई असर: शनिवार रात पहुंची थी टीम, रविवार शाम भी प्रशासन की नाक के नीचे बेखौफ जारी है रेत का अवैध उत्खनन
हैरानी की बात यह है कि पहले जो अवैध उत्खनन रात के अंधेरे में छिपाकर किया जाता था, वही खेल अब सोमवार सुबह से दिन के उजाले में बेखौफ होकर खेला जा रहा है। तस्वीरों में यह साफ देखा जा सकता है कि महानदी के शुष्क तट पर दर्जनों ट्रैक्टर और भारी गाड़ियाँ कतारबद्ध खड़ी हैं, जहाँ दिनदहाड़े नदी से रेत का अवैध उत्खनन जारी है।
शनिवार रात की ‘कार्रवाई’ पर उठे गंभीर सवाल
शनिवार को मामला मीडिया में उजागर होने के बाद खनिज विभाग की टीम कुरूद खदान पहुँची तो ज़रूर, लेकिन पूरी कार्रवाई महज़ एक ‘औपचारिकता’ बनकर रह गई। विभागीय अधिकारियों के पहुँचने से पहले ही सूचना लीक हो चुकी थी, जिसके चलते खनन में लगे चालक वाहनों सहित अंधेरे का फायदा उठाकर आसानी से भाग निकले।
सवाल यह उठता है कि क्या यह कार्रवाई सिर्फ मीडिया के दबाव को कम करने का एक पैंतरा थी..? क्योंकि जैसे ही टीम की गाड़ियाँ वापस लौटीं, अगले ही दिन रविवार शाम ढलते ही खनन की रफ्तार वही पुरानी हो गई और सोमवार सुबह होते-होते यह अवैध कारोबार दिनदहाड़े खुलेआम शुरू हो गया।
जनसुनवाई का विरोध दरकिनार
गौरतलब है कि कुरूद रेत खदान की लीज और संचालन को लेकर आयोजित आधिकारिक जनसुनवाई में स्थानीय ग्रामीणों ने पर्यावरण की तबाही और संभावित दुर्घटनाओं का हवाला देकर सख्त आपत्ति जताई थी। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) के स्पष्ट प्रतिबंधों और जनविरोध को दरकिनार करते हुए माफिया और स्थानीय ट्रैक्टर मालिकों के गठजोड़ ने नदी को लूटने का यह संगठित रास्ता अपना लिया है।
सरकारी खजाने पर डाका और बड़े हादसे की आशंका
NGT के नियमों को ताक पर रखकर चलाए जा रहे इस अवैध कारोबार से राज्य सरकार को प्रतिदिन लाखों रुपये के राजस्व का चूना लग रहा है। वहीं संकरे और ग्रामीण रास्तों पर पूरी रफ्तार से दौड़ती भारी गाड़ियों की वजह से क्षेत्र में किसी बड़े सड़क हादसे का खतरा लगातार मंडरा रहा है।
शनिवार रात की अधूरी कार्रवाई और सोमवार सुबह दिनदहाड़े शुरू हुए इस उत्खनन ने यह साबित कर दिया है कि स्थानीय प्रशासन और खनिज विभाग का खौफ माफिया के मन से पूरी तरह खत्म हो चुका है। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस खुलेआम हो रही लूट पर कोई स्थायी और सख्त दंडात्मक कार्रवाई करता है या फिर महानदी का यह सौदा इसी तरह जारी रहेगा?
आखिर क्यों कुरुद खदान पर है माफिया की गिद्ध नजर
हाल ही में हुई भारी बारिश के दौरान महानदी उफान पर थी। आरंग क्षेत्र के निसदा और समोदा बैराज के सभी गेट खोल दिए गए थे, जिससे पानी के तेज़ बहाव के साथ भारी मात्रा में गुणवत्तापूर्ण रेत बहकर कुरुद क्षेत्र तक पहुँच गई। इसके अलावा, हरदीडीह एनीकट टूटने के कारण भी कुरुद खदान में रेत का विशाल भंडार जमा हो गया है।
भावी परियोजना से बंद हो जाएंगी खदानें
महानदी पर आरंग क्षेत्र के मोहमेला और सिरपुर के बीच लगभग ₹689.76 करोड़ की लागत से ‘मोहमेला-सिरपुर बैराज और पुल निर्माण’ की विशाल परियोजना स्वीकृत/प्रस्तावित है। इस परियोजना से जहाँ आसपास के दर्जनों गाँवों को सिंचाई का पानी और सुगम आवागमन मिलेगा, वहीं निर्माण पूरा होने के बाद कुरुद, हरदीडीह, करमंदी और कागदेही जैसी खदानें स्थायी रूप से बंद हो जाएँगी। खदानों के बंद होने से पहले-पहले इस बेशकीमती रेत को जल्द से जल्द लूट लेने की होड़ में माफिया दिन-रात मशीनों से नदी का दोहन करने में जुटा है।
Trending
- महानदी के कुरुद घाट पर दिनदहाड़े रेत का खेल, कार्रवाई के कुछ घंटे बाद फिर सक्रिय हुआ अवैध उत्खनन का सिंडिकेट
- सिंगापुर प्रवास का पहला दिन- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की गार्डन्स बाय द बे के साथ महत्वपूर्ण चर्चा, सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के लीडरशिप डिनर में हुए शामिल
- बस से उतरते ही पुलिस ने पकड़ा, भूरे टेप में लिपटे पैकेट ने खोला गांजा तस्करी का राज, महिला समेत 3 तस्कर गिरफ्तार
- ’जीपीएम में सेवा सेतु बना जनता और शासन के बीच समाधान का सेतु, 207 में से 197 आवेदनों का मौके पर निराकरण’
- चिराग पासवान का चुनाव आयोग पर बड़ा बयान, बोले- लोकतंत्र में जनता का विश्वास सबसे जरूरी
- CM साय का सिंगापुर दौरा: गार्डन्स बाय द बे के अधिकारियों के साथ हुई बैठक, कहा- बॉटनिकल गार्डन से बढ़ेगा टूरिज्म और रोजगार
- ’सेवा संकल्प और सेवा सेतु अभियान से बस्तर में सेवा, समाधान और जनजागरूकता का संदेश’
- सेवा संकल्प अभियान में जनसंवाद से मजबूत हो रही जनभागीदारी, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने ग्रामीणों की सुनी समस्याएं
Monday, October 5
