publicuwatch24.-बिलासपुर। भगवान राम के नाम पर राजनीति करने वाली भाजपा के शासन में अब रामसेतु के सौंदर्यीकरण के लिए स्वीकृत 2 करोड़ 63 लाख 13 हजार रुपए की राशि को दूसरे कामों में खर्च करने की तैयारी ने नया राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा, अरपा नदी पर बने रामसेतु को अयोध्या की तर्ज पर विकसित करने की महत्वाकांक्षी योजना अब ठंडे बस्ते में डाल दी गई है।
उन्होंने कहा, जिस परियोजना के लिए शासन ने राशि स्वीकृत की, डीपीआर तैयार हुआ और टेंडर तक जारी किया गया, उसे बंद कर अब लखीराम ऑडिटोरियम और कंपनी गार्डन के सौंदर्यीकरण पर पैसा खर्च करने की योजना बनाई गई है। इस फैसले के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। पार्टी ने साफ चेतावनी दी है कि रामसेतु के नाम पर स्वीकृत राशि को दूसरी जगह खर्च नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए क्रमबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाया कि जब शासन ने रामसेतु के सौंदर्यीकरण के लिए अलग से 2.63 करोड़ रुपए स्वीकृत किए थे तो फिर उस राशि का उपयोग दूसरे कामों में करने का फैसला क्यों लिया जा रहा है? क्या नगर निगम की अंदरूनी खींचतान और राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई के कारण शहर की एक महत्वपूर्ण परियोजना को बंद किया जा रहा है?
