*करीब 60 लाख रुपए के सहायक उपकरणों से दिव्यांगजनों की राह होगी आसान, आत्मनिर्भरता को मिलेगा संबल*
*युवाओं से नशे और मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से बचने, स्वस्थ दिनचर्या अपनाने तथा स्वरोजगार की ओर बढ़ने का किया आह्वान*
*सिन्दूर पार्क में स्थायी एवं भव्य मंच निर्माण की घोषणा*
publicuwatch24.-रायपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शनिवार को सिन्दूर पार्क में ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत नशामुक्त भारत अभियान एवं दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने 350 दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप करीब 60 लाख रुपए की लागत के विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों के जीवन को आसान बनाना ही सेवा का वास्तविक उद्देश्य है। इस दौरान उन्होंने युवाओं को नशे और मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा कौशल, स्वरोजगार और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने सिन्दूर पार्क में स्थायी एवं भव्य मंच निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि पार्क में उपयुक्त स्थान का चयन कर ऐसा मंच विकसित किया जाए, जिसका उपयोग विभिन्न आयोजनों में किया जा सके। इससे बार-बार अस्थायी मंच और टेंट लगाने की आवश्यकता नहीं होगी तथा नागरिकों को कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी।
*सहायक उपकरण दिव्यांगजनों की आत्मनिर्भरता का माध्यम : वित्त मंत्री चौधरी*
वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराना केवल सामग्री वितरण नहीं है, बल्कि उनके दैनिक जीवन को अधिक सुविधाजनक और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग है। ट्राय सायकल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र और ब्रेल किट जैसे उपकरण आवागमन, शिक्षा और रोजमर्रा के कार्यों में उनकी सहायता करेंगे। उन्होंने उपकरण प्राप्त करने वाले हितग्राहियों को शुभकामनाएं देते हुए सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
