सेवा मेरा योगदान अंतर्गत तालाब मे श्रमदान कर दिया स्वच्छता औऱ हरित पर्यावरण का सन्देश
publicuwatch24.-बलौदाबाजार। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर जिले में विभिन्न गरिमामय कार्यक्रमों का आयोजन कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। कलेक्टोरेट परिसर स्थित उद्यान में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर नमन किया। इसके साथ ही उन्होंने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर, भारत माता तथा अमर शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमाओं पर भी पुष्प अर्पित कर नमन किया। इस दौरान कलेक्टर ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ‘नशा मुक्त भारत’ की शपथ दिलाई।
*सार्वजनिक तालाब में स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण*-जयंती समारोह के उपरांत ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के अंतर्गत बलौदाबाजार स्थित सार्वजनिक तालाब परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसमें कलेक्टर कुलदीप शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वयं श्रमदान कर तालाब की मेड़ और आसपास के परिसर की सफाई की। इसके साथ ही ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर आम नागरिकों को हरित पर्यावरण एवं प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस दौरान कलेक्टर शर्मा ने ‘क्लीन सिटी मिशन’ के तहत शहर को स्वच्छ बनाए रखने में जुटी स्वच्छता दीदियों के कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने दिव्यांग स्वच्छता दीदियों की सुगमता के लिए मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्रदान करने के निर्देश दिये। इसके अलावा तालाब किनारे पर कचरा फैलाने वाले असामाजिक तत्वों पर सख्ती बरतने और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के उद्देश्य से यहां रात्रि पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष जितेंद्र महले,सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल,अपर कलेक्टर निशा नेताम मड़ावी,सीमा ठाकुर एसडीएम अरविन्द कुमार सहित पार्षदगण,अधिकारी -कर्मचारी एवं बड़ी संख्या मे नगरवासी उपस्थित थे।
