
publicuwatch24.com,चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका का अंतिम संस्कार शुक्रवार को होगा। रावत, मधुलिका और हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों के शव मद्रास रेजीमेंट सेंटर लाए गए हैं। यहां से रावत और मधुलिका की पार्थिव देह गुरुवार शाम दिल्ली लाई जाएगी। संसद में राजनाथ सिंह ने कहा कि हादसे में बचे अकेले शख्स ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह वेलिंगटन अस्पताल में भर्ती किया गया है। उनकी जान बचाने की कोशिशें जारी हैं।
शुक्रवार सुबह 11 से दोपहर 2 बजे के बीच लोग रावत के दिल्ली स्थित घर पर अंतिम दर्शन कर सकेंगे। इसके बाद कामराज मार्ग से बरार चौराहे शवयात्रा निकाली जाएगी। दिल्ली कैन्टोन्मेंट में अंतिम संस्कार होगा। इस बीच, रक्षा मंत्री राजनाथ ने हादसे पर बयान देना शुरू कर दिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद में वरिष्ठ मंत्रियों की बैठक ले रहे हैं। इसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण भी शामिल हैं।
फॉरेंसिक साइंस डिपार्टमेंट की टीम क्रैश साइट पर पहुंची। टीम को डिपार्टमेंट के डायरेक्टर श्रीनिवासन लीड कर रहे हैं। घटनास्थल से फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर, कॉकपिट वाइस रिकॉर्डर बरामद किया गया है।
कुन्नूर में हादसे वाली जगह से ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिया गया है। इससे ही हादसे की असल वजह सामने आ पाएगी।
तमिलनाडु के कुन्नूर में बुधवार दोपहर करीब 12 बजकर 20 मिनट पर CDS रावत का हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया था। उसमें जनरल रावत की पत्नी मधुलिका रावत समेत सेना के 14 लोग सवार थे। इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है।बुधवार दोपहर तक ये खबर आती रही कि हादसे में घायल हुए कुछ लोगों को गंभीर हालत में वेलिंगटन के मिलिट्री अस्पताल ले जाया गया। जहां से करीब साढ़े पांच घंटे तक खबर आती रही कि जनरल रावत और उनकी पत्नी समेत कुछ अफसर बुरी तरह घायल हुए हैं, लेकिन फिर बारी-बारी से मौत की खबर आने लगी।