
publicuwatch24.com, अंबिकापुर। मैनपाट में लगभग 2 माह से डेरा जमाए 9 हाथियों के दल ने सोमवार रात 2 लोगों की जान ले ली. हाथियों ने दो पहाड़ी कोरवा बोधिराम और धनेश्वर को कुचल कर मौत के घाट उतार दिया. घटना पर कापू वन परिक्षेत्र के वन विभाग के अधिकारियों ने मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है ।
घटना मैनपाट सरगुजा वन परिक्षेत्र व धर्मजयगढ़ काकू वन परिक्षेत्र के बीच की है, जहां हाथियों ने दो पहाड़ी कोरवा को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया. घटना की जानकारी देते हुए वन परिक्षेत्र अधिकारी फेकू चौबे ने बताया कि हाथियों का झुंड दिन में कभी मैनपाट वन परिक्षेत्र में विचरण करता है, तो रात में कापू धर्मजयगढ़ वन परिक्षेत्र में प्रवेश कर जाता है. अधिकारी ने बताया गया कि सोमवार रात दोनों पहाड़ी कोरवा घर से कुछ दूर पर थे, जहां हाथियों की चपेट में आ गए ।
सरगुजा वन विभाग के डीएफओ पंकज कमल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की टीम को 24 घंटे हाई अलर्ट पर तैनात कर दिया है, और गजराज वाहन के साथ वन विभाग के कर्मचारी अधिकारियों को मौके पर तैनात कर दिया है, वहीं क्षेत्र में हाथियों पर लगातार 24 घंटे नजर रखी जा रही हैं ।