
पब्लिकयूवाच 24.com,सूरजपुर। धान खरीदी को लेकर राज्य सरकार और भाजपा फिर आमने सामने है। किसानों की शिकायत के बाद केन्द्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक समेत भाजपा नेताओं ने बसदेई के धान संग्रहण केन्द्र का दौरा किया। जहां बड़ी संख्या में सड़ा हुआ धान मिला ।
भाजपा नेताओं को धान सड़ने और उठाव नहीं होने की किसानों से लगातार शिकायत मिल रही थी। जिसे लेकर भाजपा नेताओं ने संग्रहण केन्द्र के अफसरों से धान को लेकर सवाल जवाब भी किये। जिसके बाद मीडिया से बात करते हुए नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने खाद्य मंत्री अमरजीत भगत पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वे बहुत बड़े झूठे हैं, वो विधानसभा मे भी धान संग्रहण को लेकर झूठ बोल चुके हैं। प्रदेश में धान संग्रह की स्थिति बहुत खराब है, हजारों टन धान बर्बाद हो चुका है ।
जमीन खिसकने से परेशान हैं – भगत
जवाब में अमरजीत भगत ने कहा कि जब हमने बारदना की मांग की थी, तब क्यों ये लोग प्रयास नहीं किए। ये सिर्फ बड़ी बड़ी बात कर सकते हैं, किसानों के हित से जुड़ा काम हम कर रहे हैं। इसमें इनका कोई योगदान नहीं है। किसानों से हम धान खरीदी कर रहे हैं, राजीव गांधी न्याय योजना का लाभ दिख रहे हैं। किसानों के हितों की इन्होंने हमेशा अनदेखी की है। आज ये इसलिए परेशान हैं क्योंकि इनकी जमीन खिसक गई है ।
