
पब्लिकयूवाच 24.com,बलरामपुर। गृह एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री ताम्रध्वज साहू अपने एक दिवसीय प्रवास में बलरामपुर के विजयनगर हाई स्कूल प्रांगण में लगभग 3151 लाख की लागत से बनने वाले पुल-पुलिया के शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए. गृह मंत्री के साथ-साथ रायपुर विधायक एवं संसदीय सचिव विकास उपाध्याय, क्षेत्रीय विधायक सरगुजा विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष बृहस्पत सिंह के साथ संसदीय सचिव सामरी विधायक चिंतामणि महाराज कार्यक्रम में शामिल हुए ।
ताम्रध्वज साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ में भूपेश की सरकार किसानों के हित में कार्य करते हुए जन कल्याणकारी योजना लागू कर रही है. उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार के कार्रकाल के दौरान हुए विकास कार्यों को लेकर तंज कसते हुए कहा कि आप सब देख रहे हैं. वहीं छत्तीसगढ़ में बीते 1 साल 10 महीने से किसान बेटे की सरकार है, जो हर समय किसान हितैषी कार्य कर रही है. इस दौरान उन्होंने कहा कि विधायकों की जो मांग है, उस पर विचार विमर्श करते हुए तत्काल बजट में शामिल करने की कोशिश करेंगे, जिससे क्षेत्र का विकास ज्यादा से ज्यादा हो सके ।
विधायकों ने बताई क्षेत्र की समस्या
इसके पहले सरगुजा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बृहस्पत सिंह ने अपनी क्षेत्र की समस्या से अवगत कराते हुए उन्होंने जिले में दो नए पुलिस चौकी बनाने एवं क्षेत्र में अन्य सड़क व पुलिया की मांग की. कार्यक्रम के दौरान संसदीय सचिव चिंतामणि महाराज ने अपने उद्बोधन में क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराते हुए सड़क व पुलिया की मांग रखी. उन्होंने बताया कि हमारा विधानसभा क्षेत्र नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शामिल है, जहां सड़क एवं पुल पुलिया होना ज्यादा आवश्यक है. वहीं क्षेत्र में मिली सौगात को लेकर मुख्यमंत्री व गृहमंत्री को धन्यवाद किया ।
पत्रकारों पर हमला बर्दाश्त नहीं
कार्यक्रम के बाद मीडिया से चर्चा में पत्रकार सुरक्षा कानून को लेकर गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि हम तत्काल पत्रकारों की हमला होने की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हैं. उन्होंने पत्रकार कमल शुक्ला हमले पर जिक्र करते हुए कहां तत्काल हमने पत्रकारों की एक टीम बनाकर जांच करने के लिए भेजा था, जिसकी रिपोर्ट पर त्वरित कार्रवाई की गई. उन्होंने पत्रकार को चौथा स्तंभ करार देते हुए कहा कि पत्रकार पर हमला कतई बर्दाश्त नहीं होगा, ऐसे करने वाले को सजा दी जाएगी ।
