
पब्लिकयूवाच 24.com, बलरामपुर। जिले में महिलाओं और बच्चों संबंधी बढ़ते अपराधों की रोकथाम और जन जागरूकता बढ़ाने के लिए जन जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई है. एसपी रामकृष्ण साहू ने ‘जागृति’ जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया है. बलरामपुर में बच्चियों के लगातार हो रहे दुष्कर्म के मामले में एसपी ने इसके रोकथाम के लिए समाज में जागरूकता लाने की बात कही है. इसी के तहत एसपी के निर्देश से जिले के हर गांव में पुलिस का जागरूकता रथ जाएगा. जिसमें पुलिस के महिला अधिकारी शामिल होंगी और गांव-गांव में जाकर लोगों को जागरूक करने का काम करेंगी ।
जागृति रथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय से रवाना होकर थाना बलरामपुर क्षेत्र के ग्राम सरनाडीह पहुंची, जहां थाना प्रभारी बलरामपुर एवं स्टाफ के द्वारा उपस्थित महिला/बच्चियों और पुरुषों को महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए उन्हें जागरूक किया गया. इस मौके पर निरीक्षक अनीता प्रभा मिंज, प्रधान आरक्षक मंजू रानी तिवारी, गुल्फी तिर्की, मालती तिवारी एवं महिला आरक्षक अन्नपूर्णा महानंदी, मधु खाखा, जुलेखा खातून व महिला सैनिक अमिता पटेल उपस्थित रहे ।
बता दें कि बलरामपुर जिले बीते 15 दिनों अलग-अलग थाना क्षेत्रों से नाबालिग बच्चियों के हुए दुष्कर्म के 6 मामले सामने आए है. जिसे लेकर प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई थी. बढ़ते रेप के मामलों में विपक्ष जहां एक ओर सरकार को लगातार घेर रहा है, तो वहीं सरकार आरोपियों की गिरफ्तारी बताकर सब ठीक ठाक होने का दम भर रही है. जिले में अब तक दुष्कर्म के जितने भी मामले सामने आए है, उनमें ज्यादातर नाबालिग बच्चियां शिकार हुई हैं और आरोपी भी कुछ नाबालिग है ।