publicuwatch24.-खैरागढ़।आमजन की सुरक्षा और क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के उद्देश्य से खैरागढ़ पुलिस ने अवैध हथियारों, चाकू-छुरी और अन्य धारदार हथियारों के खिलाफ विशेष जागरूकता एवं समझाइश अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत पुलिस ने नाबालिगों और युवाओं को धारदार हथियार रखने तथा सार्वजनिक स्थानों पर लेकर घूमने से बचने की समझाइश दी। वहीं हार्डवेयर, बर्तन, वेल्डिंग और फैब्रिकेशन कारोबार से जुड़े दुकानदारों एवं कारीगरों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध हथियार रखने, हथियार लेकर सार्वजनिक स्थानों पर घूमने, उनका प्रदर्शन करने अथवा हथियारों का इस्तेमाल कर आम लोगों में भय पैदा करने वालों के खिलाफ कानून के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही नाबालिगों को चाकू-छुरी या अन्य धारदार हथियार उपलब्ध कराने वाले लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नाबालिगों और युवाओं को दी समझाइश अभियान के दौरान पुलिस ने क्षेत्र के नाबालिग बच्चों और युवाओं से संपर्क कर उन्हें हथियारों के संभावित दुरुपयोग के संबंध में जानकारी दी। पुलिस ने समझाया कि चाकू, छुरी या अन्य धारदार हथियार अपने पास रखना अथवा उन्हें लेकर सार्वजनिक स्थानों पर घूमना विवाद और आपराधिक घटनाओं का कारण बन सकता है। पुलिस ने युवाओं को हथियारों से दूर रहने और किसी भी विवाद की स्थिति में कानून हाथ में नहीं लेने की सलाह दी। पुलिस के मुताबिक, छोटी-सी कहासुनी भी धारदार हथियारों के इस्तेमाल के कारण गंभीर मारपीट या बड़ी आपराधिक घटना में बदल सकती है।
दुकानदारों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश अभियान के तहत पुलिस ने हार्डवेयर और बर्तन दुकानदारों से भी संपर्क किया। उन्हें चाकू, छुरी अथवा अन्य धारदार वस्तुओं की बिक्री के दौरान विशेष सावधानी बरतने की समझाइश दी गई। पुलिस ने कहा कि यदि कोई नाबालिग, संदिग्ध व्यक्ति या आपराधिक प्रवृत्ति वाला व्यक्ति ऐसी वस्तु खरीदने के लिए आता है, तो उसकी गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जाए और जरूरत पड़ने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी जाए। पुलिस ने कारोबारियों को उनकी सामाजिक और कानूनी जिम्मेदारी के बारे में भी जागरूक किया। अधिकारियों ने कहा कि नाबालिगों के हाथों में धारदार हथियार पहुंचने से भविष्य में विवाद, आपसी मारपीट, भय का माहौल और गंभीर अपराध की घटनाएं बढ़ सकती हैं। इसलिए हथियारनुमा वस्तुओं की बिक्री करते समय आवश्यक सावधानी बरतना जरूरी है।
धार करने और निर्माण करने वालों पर भी नजर खैरागढ़ पुलिस ने चाकू-छुरी में धार करने वाले कारीगरों के साथ-साथ वेल्डिंग, फैब्रिकेशन और संबंधित दुकानदारों को भी हिदायत दी है। पुलिस ने कहा कि यदि कोई नाबालिग या संदिग्ध व्यक्ति चाकू, छुरी अथवा किसी अन्य हथियारनुमा वस्तु में धार कराने, निर्माण या मरम्मत के लिए आता है तो उसकी गतिविधि पर विशेष नजर रखी जाए। ऐसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध व्यक्तियों को हथियार तैयार करने, उनमें धार करने या उपलब्ध कराने में सहयोग करने वालों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
आमजन से पुलिस ने की अपील
खैरागढ़ पुलिस ने आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा अवैध हथियार रखने, हथियार लेकर घूमने, हथियारों का प्रदर्शन करने या उनका दुरुपयोग करने की जानकारी मिलती है तो तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। खैरागढ़ पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जाएगी और अपराधों की रोकथाम के लिए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Trending
- धमतरी में रैपिडो की सेवाएं शुरू, आवागमन को मिलेगी नई सुविधा
- विशेष लेख : घर बैठे आवेदन, समय पर प्रमाण पत्र—‘सेवा सेतु’ ने आसान किया ग्रामीणों का काम
- जल जीवन मिशन से संवर रही नारायणपुर के वनांचल की तस्वीर- घर-घर पहुँच रहा शुद्ध पेयजल, बढ़ रही खुशहाली
- राज्यपाल ने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय में कन्या छात्रावास, मेधा एआई एवं मीडिया शोध केंद्र का किया शुभारंभ
- जनता को बड़ी राहत : जमीन सीमांकन के लिए नहीं काटने पड़ेंगे तहसील के चक्कर, ऑनलाइन होगी पूरी प्रक्रिया
- किसानों को बड़ी सौगात: सात सिंचाई योजनाओं के लिए 30.74 करोड़ स्वीकृत, नहरों के जीर्णाेद्धार सहित होंगे कई महत्वपूर्ण काम
- नाबालिगों को चाकू-छुरी बेचने वालों पर होगी कार्रवाई, खैरागढ़ पुलिस का विशेष अभियान
- बिहान से बदली राह : 35 महिला किसानों ने 600 क्विंटल सब्जी उगाकर लिखी सफलता की नई कहानी
Monday, September 7
