publicuwatch24.-रायपुर। कभी माओवाद प्रभावित क्षेत्र के रूप में पहचाने जाने वाला बीजापुर जिले के ग्राम पंचायत ईतामपार का आश्रित ग्राम बोड़गा अब विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। जिले के कलेक्टर विश्वदीप और जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नम्रता चौबे ने पहली बार गांव पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं तथा विकास संबंधी जरूरतों की जानकारी ली।
बस्तर मुन्ने शिविर का किया निरीक्षण
गांव में आयोजित बस्तर मुन्ने शिविर का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित सैचुरेशन अभियान की समीक्षा की। शिविर में शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायत और राजस्व विभाग की टीमों ने पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक उपचार और परामर्श भी दिया गया।
हर पात्र हितग्राही तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
कलेक्टर ने ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए सभी पात्र परिवारों को योजनाओं से जोड़ने और शत-प्रतिशत सैचुरेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिविर के रजिस्टर और गतिविधियों का अवलोकन कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
धान खरीदी केंद्र की मांग पर सकारात्मक पहल
ग्रामीणों की मांग को देखते हुए ग्राम पंचायत बैल में धान खरीदी केंद्र स्थापित करने के प्रस्ताव पर चर्चा की गई। इससे क्षेत्र के किसानों को धान बेचने में सुविधा मिलेगी और उन्हें लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।
आजीविका और स्वरोजगार को मिलेगा बढ़ावा
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत स्व-सहायता समूहों को मजबूत बनाने, आजीविका गतिविधियों का विस्तार करने और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। ग्रामीणों को विभिन्न आजीविका योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
शिक्षा को बताया विकास की सबसे मजबूत नींव
कलेक्टर ने युवाओं और विद्यार्थियों से चर्चा कर शिक्षा के महत्व को समझाया। उन्होंने अभिभावकों से सभी बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षा ही आत्मनिर्भरता, प्रगति और बेहतर भविष्य का आधार है।
मलेरिया मुक्त अभियान में सहयोग की अपील
स्वास्थ्य जागरूकता के तहत ग्रामीणों को मलेरिया से बचाव के उपाय बताए गए। कलेक्टर ने साफ-सफाई बनाए रखने, मच्छरों के प्रजनन को रोकने और बीमारी की स्थिति में पूरा उपचार लेने की सलाह दी। उन्होंने 15 जून से शुरू होने वाले मलेरिया मुक्त अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील भी की।
प्रधानमंत्री आवास और स्वच्छ भारत मिशन पर विशेष फोकस
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के पात्र हितग्राहियों से चर्चा कर बरसात से पहले आवास और शौचालय निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, ताकि लोगों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
बोड़गा में बढ़ा विकास का भरोसा
अधिकारियों के इस ऐतिहासिक दौरे से ग्रामीणों में उत्साह और विश्वास का माहौल है। वर्षों तक माओवाद की छाया में रहे बोड़गा में अब शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, आवास और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ विकास की नई कहानी लिखी जा रही है।
Trending
- नया शैक्षणिक सत्र शुरू : छत्तीसगढ़ के स्कूलों में फिर लौटी रौनक, छात्रों का तिलक लगाकर हुआ स्वागत
- रविशंकर महाराज बनाम CBI, CG हाईकोर्ट सख्त, सीबीआई को नोटिस जारी
- शिक्षा के साथ संस्कारों का समावेश हमारी प्राथमिकता: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
- इंडिया ब्लॉक के नेतृत्व पर बोले टीएस सिंहदेव, फैसला सभी सहयोगी दल मिलकर करें
- गोबर गैस संयंत्रों के पुनर्जीवन से ग्रामीण ऊर्जा आत्मनिर्भरता को नई गति
- विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए स्कूल बसों का विशेष निरीक्षण
- वन मंत्री केदार कश्यप ने बीजापुर जिले को 18 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की दी सौगात
- उद्योग मंत्री देवांगन ने पौने 37 करोड़ रूपए के जलप्रदाय योजना विस्तार कार्य का किया भूमिपूजन
Tuesday, June 16
