मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने व्यक्तिगत पत्र भेजकर की मेहनत और आत्मनिर्भरता की सराहना, चंपा देवी ने जताया आभार
publicuwatch24.-एमसीबी। छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के ग्राम चैनपुर निवासी चंपा देवी कुशवाहा इसकी एक प्रेरक मिसाल हैं। कभी एक गाय से परिवार की दूध की जरूरतें पूरी करने वाली चंपा देवी आज चार गायों के माध्यम से पशुपालन व्यवसाय को आगे बढ़ाकर अतिरिक्त आमदनी अर्जित कर रही हैं। छत्तीसगढ़ महिला कोष की सक्षम योजना से मिले 1 लाख 80 हजार रुपये के ऋण ने उनके इस प्रयास को नई दिशा दी है। उनके आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदमों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर व्यक्तिगत पाती भेजकर शुभकामनाएं दी हैं।
एक गाय से शुरू किया पशुपालन, शासन की मदद से बढ़ाया व्यवसाय
ग्राम चैनपुर निवासी चंपा देवी कुशवाहा, पति अजय कुमार कुशवाहा ने बताया कि पहले उनके पास केवल एक गाय थी, जिससे मिलने वाला दूध परिवार की जरूरतों में ही उपयोग हो जाता था। वह पशुपालन को आय का साधन बनाना चाहती थीं, लेकिन आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण व्यवसाय का विस्तार नहीं कर पा रही थीं। फरवरी 2026 में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित छत्तीसगढ़ महिला कोष की सक्षम योजना के अंतर्गत उन्हें 1 लाख 80 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ। इस राशि से उन्होंने तीन अतिरिक्त गायें खरीदीं। वर्तमान में उनके पास चार गायें और दो बछिया हैं।
गायों की संख्या बढ़ने से दूध उत्पादन में भी वृद्धि हुई है। अब चंपा देवी परिवार की जरूरतें पूरी करने के बाद शेष दूध आसपास के घरों में बेचकर अतिरिक्त आय अर्जित कर रही हैं। इससे परिवार के दैनिक खर्चों को पूरा करने में सहायता मिल रही है और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार आया है।
मुख्यमंत्री की पाती ने बढ़ाया आत्मविश्वास और उत्साह
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चंपा देवी कुशवाहा को व्यक्तिगत पत्र भेजकर उनके प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने अपनी पाती में एक गाय से शुरू किए गए पशुपालन व्यवसाय को चार गायों तक पहुंचाने और दूध बिक्री से परिवार की आय बढ़ाने के उनके प्रयासों पर प्रसन्नता व्यक्त की।
मुख्यमंत्री ने पत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और विकसित छत्तीसगढ़ 2047 के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश के प्रत्येक परिवार की खुशहाली और समृद्धि इस संकल्प का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने चंपा देवी के पशुपालन व्यवसाय में निरंतर प्रगति तथा परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की।
शासन की सहायता से मिली आत्मनिर्भर बनने की राह
मुख्यमंत्री की पाती प्राप्त होने पर चंपा देवी ने खुशी जाहिर करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि शासन की योजना से मिली आर्थिक सहायता ने उन्हें पशुपालन व्यवसाय का विस्तार करने का अवसर दिया। मुख्यमंत्री द्वारा व्यक्तिगत पत्र भेजकर उनके प्रयासों की सराहना करना उनके लिए विशेष खुशी और प्रोत्साहन का विषय है।
सशक्त एमसीबीदृसेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सामने आई चंपा देवी की यह सफलता बताती है कि शासन की योजनाओं का लाभ, स्वयं की मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर ग्रामीण महिलाएं स्वरोजगार के माध्यम से परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
