पब्लिक वॉच – रायपुर। लगातार बढ़ते कोरोना के मामले को देखते हुए जिला प्रशासन ने फिलहाल दुकानों का समय बढ़ाने से इन्कार कर दिया है। अभी सुबह नौ से शाम सात बजे तक दुकानें खोले रखने का समय है। इसे रात नौ बजे तक करने की तैयारी थी। साथ ही रविवार को पूर्ण लॉकडाउन हटाने का प्रस्ताव भी था, पर प्रशासन फिलहाल इस फैसले से हट गया है। डॉ.एस.भारतीदासन ने कोरोना संक्रमण की रोकथाम और नियंत्रण के लिए एक्टिव सर्विलांस दलों का पूर्ण सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि कोरोना के लक्षणों वाले वृद्ध अथवा किसी प्रकार की गंभीर बीमारी हिस्ट्री वाले लोगों को कोरोना वायरस से अधिक खतरा रहता है, इसलिए उनकी समय से पहचान बहुत जरूरी है। जिले में इस काम के लिए एक्टिव सर्विलांस दल गठित किए गए हैं, जो घर-घर जाकर लोगों से जानकारी प्राप्त करते हैं।
साथ ही दलों को पल्स ऑक्सीमीटर भी दिया गया है। इससे किसी लक्षणयुक्त, वृद्ध अथवा गंभीर बीमारी हिस्ट्री वाले एवं अन्य संभावित व्यक्तियों के ऑक्सीजन लेवल और पल्स रेट को नापा जाना है। 90 से कम ऑक्सीजन लेवल होने या सामान्य अवस्था में पल्स रेट 72-90 रेंज से बाहर होने पर ऐसे व्यक्ति का शीघ्र कोविड-19 टेस्ट कराया जाएगा। कोरोना की इस जंग में हम तभी सफल होंगे, जब कोई जानकारी छुपाएगा नहीं।