
पब्लिकयूवाच- कबीरधाम । कबीरधाम जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 238 पहुंच चुकी है। संक्रमितों में पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। शनिवार रात एम्स से जारी रिपोर्ट के मुताबिक पोंडी चौकी के एसआई (उपनिरीक्षक) समेत 3 पुलिसकर्मी पॉजिटिव पाए गए हैं। खास बात यह है कि रिपोर्ट पॉजिटिव आने के करीब 3 घंटे पहले तक संक्रमित एसआई वीर सावरकर भवन में आयोजित स्पंदन कार्यक्रम में मौजूद था। डीजी ने उक्त एसआई का सम्मान भी किया। शनिवार को शाम 4 से करीब 6 बजे तक यह कार्यक्रम हुआ था। पिछले दिनों कुंडा थाना क्षेत्र के जंगलपुर गांव में हुए लूटकांड में उत्कृष्ट विवेचना के लिए पुलिसकर्मियों के सम्मान में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में पहुंचे पुलिस महानिदेशक (डीजी) डीएम अवस्थी ने पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया था। इस दौरान वे संक्रमित एसआई के सीधे संपर्क में आए। पोंडी चौकी सील कर दिए हैं।