दे दी हमें आजादी बिना खड़ग बिना ढाल, साबरमती के संत तूने कर दिया कमाल : रिजवी

K.W.N.S.-रायपुर। मध्यप्रदेश पाठ्यपुस्तक निगम के पूर्व अध्यक्ष, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व उपाध्यक्ष तथा वरिष्ठ अधिवक्ता इकबाल अहमद रिजवी ने कहा है कि देश की आजादी के 75 साल पूरे होने के अवसर पर अमृत महोत्सव का आयोजन पूरा देश स्वस्फूर्त कर रहा है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नेतृत्व में अहिंसा का आन्दोलन शुरू किया गया था जो अपने आप में एक अकल्पनीय मिसाल है। राष्ट्रपिता के आव्हान पर देश के लाखों देशभक्त सेनानियों ने भाग लिया तथा देश को अहिंसा के बल पर ही आजाद करवाया।
रिजवी ने इस महत्वपूर्ण दिवस पर स्मरण करते हुए कहा है कि शहीदों के परिवारजन के लिए ऐसी अभिनव योजना सरकार बनाए कि उनके परिवार को आज और भविष्य में किसी प्रकार की कोई कमी महसूस न होने पाए। सेनानियों की संतानों को चाहे कितनी भी पीढ़ियां क्यों न गुजर जाए, उन्हें मिलने वाली सुविधाओं को समाप्त न करते हुए उस शहीद के परिवार पर किसी तरह की बंदिश न लगाई जाए तथा पीढ़ी दर पीढ़ी उन्हें मिलने वाली सुविधाओं एवं सम्मान में किसी तरह की कटौती करना शहीदों के परिजनों के प्रति अन्याय होगा। आज देशवासी हर प्रकार की स्वतंत्रता के माहौल में जीवित है। यह सब कुछ उन शहीदों की बदौलत ही है। उन शहीदों के योगदान को जीवित रखने उनके नाम से देश की नई योजनाओं, उपक्रमों तथा नवनिर्माणों को आज तक जो गुमनामी के अंधेरे में है उन्हें भविष्य में आने वाली पीढ़ी को रूबरू करवाया जा सके। स्तवंत्रता संग्राम सेनानी देश की अमूल्य धरोहर है और उसे सहेज कर रखना प्रत्येक वर्ग एवं समुदाय का नैतिक दायित्व है।