
publicuwatch24.com,गरियाबंद। भगवान राजीव लोचन की नगरी राजिम में भक्ति और शक्ति का प्रतीक राजिम माघी पुन्नी मेला आज से शुरू हो गया है. श्रद्धालुओं ने ब्रह्ममुहर्त में पहुंचकर त्रिवेणी संगम में श्रद्धा और आस्था की डुबकी लगाई।
महाशिवरात्रि तक चलने वाले इस मेले में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था. श्रद्धालुओं ने सुबह 4 बजे से ही त्रिवेणी संगम में स्नान करना शुरू कर दिया है. माना जाता है कि आज के दिन पवित्र नदियों में स्नान करना बहुत फलदायी होता है. इसी श्रद्धा और आस्था के साथ श्रद्धालुओ ने बड़ी संख्या में पहुंचकर स्नान ध्यान किया।
इसके साथ ही मंदिरों में पूजा-पाठ का दौर भी शुरू हो गया है. श्रद्धालुओं ने पहले त्रिवेणी संगम में स्नान किया और फिर वहीं रेत का शिवलिंग बनाकर उसकी पूजा-अर्चना की. इसके बाद श्रद्धालुओं ने राजीव लोचन और कुलेश्वरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की. त्रिवेणी स्नान और मंदिरों में पूजा-अर्चना का दौर दिनभर जारी रहेगा।
राजिम माघी पुन्नी मेला में श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचते हैं. श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए है. गरियाबंद पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल स्वयं इसकी कमान संभाल रहे हैं. प्रभारी मंत्री ताम्रध्वज साहू ने स्वयं शुक्रवार शाम मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था और तैयारियों का जायजा लिया था।