कृषि कार्यों में मिल रही मदद, खेती-किसानी की चिंताएं हुईं कम
publicuwatch24.-सूरजपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान कर उनकी खेती-किसानी से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने में सहयोगी बन रही है। सूरजपुर जिले के ग्राम पंचायत पर्री निवासी किसान श्री देवरूप सिंह के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना आर्थिक संबल बनी है। योजना के तहत मिलने वाली 2 हजार रुपये की किस्त से उन्हें खेती-किसानी एवं दैनिक जरूरतों से जुड़े छोटे-मोटे खर्चों को पूरा करने में सहायता मिल रही है।
देवरूप सिंह बताते हैं कि पहले आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण खेती-बाड़ी के आवश्यक कार्यों और परिवार की छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। कई बार आर्थिक संसाधनों के अभाव में दूसरों से कर्ज लेना पड़ता था, जिससे परिवार पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ जाता था। ऐसे में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से मिलने वाली सहायता राशि उनके लिए राहत का माध्यम बनी है।
उन्होंने कहा कि सीमित आय वाले किसान परिवारों के लिए यह सहायता राशि आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में उपयोगी साबित हो रही है। योजना का लाभ मिलने पर देवरूप सिंह ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन से मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता से खेती-किसानी के छोटे खर्चों को पूरा करने में सुविधा हुई है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता तीन समान किस्तों में सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जाती है। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने तथा उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को सेवा की कहानी के रूप में सामने आ रही है।
