योजना की राशि से सुकन्या समृद्धि खाते में जमा कर रहीं 500-500 रुपए
publicuwatch24.-महासमुंद। महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ परिवार की जरूरतों को पूरा करने और बेटियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए बचत करने का अवसर भी दे रही है। योजना से मिलने वाली राशि का महिलाएं अपनी प्राथमिकताओं के अनुसार सदुपयोग कर रही हैं। महासमुंद शहर की श्रीमती कनिज फातिमा और श्रीमती कचरू देवार योजना की राशि से अपनी बेटियों के नाम सुकन्या समृद्धि खाते खुलवा कर हर माह बचत कर रही है।
महासमुंद शहर के राम रहीम नगर निवासी श्रीमती कनिज फातिमा को योजना का लाभ निरंतर हर माह मिल रहा है। वे योजना से प्राप्त एक हजार रुपए की राशि में से 500 रुपए अपनी बिटिया के नाम से सुकन्या समृद्धि खाते में जमा कर रही हैं, जबकि शेष 500 रुपए बिटिया के पोषण एवं आवश्यकताओं पर खर्च करती हैं। उनका कहना है कि महतारी वंदन योजना से मिली आर्थिक सहायता ने उन्हें अपनी बेटी के भविष्य के लिए बचत करने का अवसर दिया है। इसी तरह देवार डेरा निवासी श्रीमती कचरू देवार भी महतारी वंदन योजना की राशि का सदुपयोग करते हुए अपनी बिटिया के नाम से सुकन्या समृद्धि खाता खुलवाई हैं। वे प्रत्येक माह योजना से प्राप्त राशि में से 500 रुपए खाते में जमा कर रही हैं। इस तरह योजना से मिलने वाली सहायता राशि आज बेटियों के सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए सहायक बन रही है।
श्रीमती कनिज फातिमा और श्रीमती कचरू देवार ने महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान करने और बेटियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु भैया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया है।
