publicuwatch24.-रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप प्रदेशभर में आयोजित सुशासन तिहार आमजनों की समस्याओं के समाधान और शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनता जा रहा है। इसी कड़ी में बलरामपुर जिले के ग्राम पंचायत कोटरकी एवं राजपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत खोडरो में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए गए, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं, मांगों एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। संबंधित विभागों द्वारा आवेदनों के निराकरण की प्रक्रिया प्राथमिकता से की जा रही है।
शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने शिविर स्थलों का निरीक्षण कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। इस दौरान गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं बच्चों का अन्नप्राशन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया तथा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित किया गया।
जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचाया जा रहा है तथा शिविर ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी मंच बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आमजन को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और गांव-गांव तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित की जा रही है।
शिविरों में राजस्व प्रकरणों के निराकरण, डिजिटल ऋण पुस्तिका वितरण एवं एग्रीस्टैक पंजीयन के लाभों की जानकारी भी दी गई। किसानों को समितियों में उपलब्ध खाद एवं बीज के पर्याप्त भंडारण की जानकारी देते हुए आवश्यकतानुसार उठाव करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम कर जैविक खेती अपनाने, पर्यावरण संरक्षण तथा अधिक से अधिक पौधारोपण करने का संदेश भी दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से ग्रामीणों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर में पहुंचे ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं दवाइयों का वितरण किया गया। चिकित्सकों की टीम द्वारा रक्तचाप, शुगर सहित विभिन्न रोगों की प्राथमिक जांच की गई तथा मौसमी बीमारियों से बचाव संबंधी जानकारी दी गई। महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देते हुए उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सलाह भी प्रदान की गई।
राजपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत खोडरो में आयोजित शिविर में सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हीरामुनी निकुंज, जनपद अध्यक्ष श्री विनय भगत सहित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया तथा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अन्नप्राशन एवं गोदभराई कार्यक्रम भी संपन्न कराया गया।
