
Publicuwatch24.com-रायपुर। छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होने जा रही है। इस साल 26 लाख से ज्यादा किसान अपना धान बेेचेंगे। 31 सौ रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान बेच सकेंगे। धान बेचने के लिए 2739 केंद्र बनाए गए हैं। धान की खरीदी 31 जनवरी 2026 तक की जाएगी। जूट बोरे, तौल मशीन, परिवहन और भंडारण व्यवस्था पूरी कर ली गई है।
साथ ही धान बेचने के सात दिन के भीतर ही किसानों को धान का पैसा उनके खातों में भेज दिया जाएगा। इस साल छत्तीसगढ़ को सेंट्रल पूल में 73 लाख टन चावल भेजने का टारगेट दिया गया है। वहीं धान खरीदी को अधिक पारदर्शी और तकनीकी रूप से सुरक्षित बनाने के लिए एग्रीस्टैक पोर्टल और ई-केवायसी प्रणाली लागू की है। अफसरों के मुताबिक किसान खरीदी केंद्र पर जाने से पहले एग्रीस्टैक रजिस्ट्रेशन, आधार कार्ड, पासबुक, भू-अभिलेख और फसल विवरण अपने साथ जरूर रखें।
अवैध धान का परिवहन रोकने के लिए सभी जिलों पर चेक पोस्ट बनाए जा रहे हैं। ओडिशा और अन्य राज्यों से आने वाले धान को रोकने 16 चेकपोस्ट बनाए जाएंगे। यहां राजस्व, कृषि, वन और पुलिस की ड्यूटी रहेगी।