बालोद। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज रविवार को बालोद जिले के दौरे पर रहेंगे। भूपेश बघेल गुरुर ब्लॉक के ग्राम सोरर में डडसेना समाज द्वारा आयोजित सरहरगढ़ महोत्सव और गुंडरदेही ब्लॉक के ग्राम परसतराई में आयोजित दिल्लीवार कुर्मी क्षत्रीय समाज के वार्षिक अधिवेषण में शामिल होंगे। ग्राम सोरर में बतौर मुख्यमंत्री आने वाले भूपेश बघेल दूसरे सीएम होंगे। इससे पहले पूर्व सीएम रहे अजीत जोगी एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। वहीं बीते 4 साल में सीएम भूपेश बघेल 20वीं मरतबा बालोद जिला पहुचेंगे।
सीएम बघेल का आज 12 बजकर 30 मिनट में ग्राम सोरर में आगमन होगा। सबसे पहले वे यहां माता बहादुर कलारिन मंदिर और छछान छाड़ू देव मंदिर पहुच पूजा अर्चना करेंगे। जिसके बाद सरहरगढ़ महोत्सव कार्यक्रम में शरीक होंगे। करीब 1 घंटे 20 मिनट यहां रुकने के बाद वे ग्राम परसतराई के लिए रवाना होंगे। यहां वे 1 बजकर 45 मिनट को पहुचेंगे। जहां वे छत्रपति शिवाजी महाराज की मूर्ति का अनावरण कर दिल्लीवार कुर्मी क्षत्रिय समाज के 53वें वार्षिक अधिवेषण के समापन में शरीक होंगे।
इस दौरान समाज और क्षेत्र की जनता को कई सौगातें भी सीएम देंगें। सीएम के आगमन को लेकर सामाजिक एवं प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा के भी चाक चौबंद व्यवस्था की गई हैं। वही कार्यक्रम में मंत्री कवासी लखमा के भी शामिल होने की जानकारी मिली है। महिला बाल विकास एवं समाज कल्याण मंत्री अनिला भेड़ियां, संसदीय सचिव कुंवर सिंह निषाद, संजारी बालोद विधायक संगीता सिन्हा सहित समाज के तमाम पदाधिकारी, क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, कांग्रेसी नेता मौजूद रहेंगें। सीएम भूपेश बघेल के आगमन को लेकर क्षेत्रवासी खासा उत्साहित हैं।