रायपुर। भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 26-27 मई को रायपुर में होगी। कार्यसमिति में राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी और सहप्रभारी नितिन नबीन शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल के आठ साल पूरे होने पर भाजपा प्रदेशभर में आयोजन करेगी।
इसे लेकर प्रदेश कार्यसमिति को काफी अहम माना जा रहा है। पीएम मोदी ने दूसरी पारी में 30 मई को शपथ ली थी। ऐसे में पार्टी एक सप्ताह तक आयोजन करने की तैयारी में है। इसमें पीएम मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही कार्यविस्तार योजना को लेकर भी मंथन किया जाएगा।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने बताया कि कार्यसमिति की बैठक के बाद कोर ग्रुप की भी बैठक होगी। कार्यविस्तार योजना को लेकर पार्टी पदाधिकारियों की वर्चुअल बैठक हुई। इसमें बूथ स्तर पर दस दिन दस घंटे के कामकाज की भी समीक्षा की गई। प्रदेश भाजपा से लेकर मंडल स्तर तक के पदाधिकारियों को कमजोर बूथ पर प्रवास करने का निर्देश है। इस अभियान में सांसद, विधायक और पार्टी पदाधिकारी शामिल हो रहे हैं।
नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने बताया कि बूथ विस्तार योजना में पहुंचने पर स्थानीय स्तर की समस्याओं की जानकारी हो रही है। कार्यकर्ताओं की दिक्कतों के साथ आगामी चुनाव की तैयारी भी हो रही है। उन्होंने कहा कि बूथ तक पहुंचने से कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार हो रहा है। राज्य सरकार की योजनाओं में गड़बड़ी की जानकारी मिल रही है, जिसको लेकर आगामी कार्ययोजना बनाई जाएगी।