publicuwatch24.com.-मुंगेली। कलेक्टर अजीत वसंत की अध्यक्षता में आज जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभा कक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में उन्होने जिले में विकास और निर्माण कार्यो की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की और संबंधितों को आवश्यक निर्देश दिये। बैठक में कलेक्टर श्री वसंत ने राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि इस योजना के तहत पंजीयन का कार्य 01 सितम्बर से पंचायत स्तर पर प्रारंभ कर दिया है और यह कार्य आगामी 30 नवम्बर तक चलेगा। इस योजना के तहत भूमिहीन मजदूरों और पौनी पसारी व्यवस्था से जुडे़ लोगों को प्रत्येंक साल प्रत्येंक परिवार को 06 हजार रूपये का आर्थिक अनुदान दी जाएगी। उन्होने इस योजना के तहत प्राप्त आवेदन पत्रों को आॅनलाईन प्रविष्टि निर्धारित अवधि में करने के निर्देश दिये। बैठक में उन्होने प्राथमिक और माध्यमिक शालाओं में शिक्षकों की नियुक्ति के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
उन्होने जिला कार्यालय के अनुमति के बिना किसी भी स्कूल में किसी भी शिक्षक को अटैचमेंट नहीं करने के निर्देश दिये। बैठक में उन्होने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत लोक सेवा केंद्रो में प्राप्त और निराकृत एवं लंबित प्रकरणों की जानकारी प्राप्त की और लंबित प्रकरणों के निराकरण के संबंध में आवश्यक निर्देश दिये। बैठक में कलेक्टर श्री वसंत ने स्कूल परिसर से 100 मीटर की परिधि में पान मसाला बेचने वालो के विरूद्ध की गई कार्यवाही की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की और संतोषप्रद प्रगति नहीं होने पर अपना नाराजगी व्यक्त की और स्कूल परिसर से 100 मीटर की परिधि में पान गुटखा बेचने वालो के विरूद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिये। बैठक में उन्होने जिले के विकास खण्ड लोरमी में संचालित महंत जगन्नाथ दास शासकीय इंग्लिश स्कूल लोरमी और विकास खण्ड पथरिया में संचालित स्वामी आत्मानंद शासकीय इंग्लिश स्कूल में बच्चो की भर्ती के संबंध में जानकारी प्राप्त की और भर्ती के संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिये। बैठक में उन्होने बारदानों के संग्रहण के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होने कहा कि पी.डी.एस बारदानों का उपयोग विपणन वर्ष 2021-22 में धान खरीदी में किया जाएगा।
इस हेतु उन्होने शासकीय उचित मूल्य दुकानों से बारदानो का संग्रहण लक्ष्य के अनुरूप करने के निर्देश दिये। बैठक में उन्होने राज्य शासन की महत्वाकांक्षी नरवा,गरूवा,घुरूवा,बारी योजना के तहत गोठानो के समीप निर्मित बाड़ी विकास योजना की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होने जिले में मात्र 32 बाड़ी स्थापित होने पर अपनी नाराजगी व्यक्त की और उन्होने फेंसिग एवं पानी की सुविधा वाले गोठानों के समीप बाडी निर्माण करने के निर्देश दिये। बैठक में उन्होने वर्तमान एवं भूतपूर्व पंचायत पदाधिकारियों से लंबित वसूली की प्रगति की जानकारी प्राप्त की और लंबित वसूली के कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिये। बैठक में उन्होने शासकीय नजूल भूमि का आबंटन, व्यवस्थापन, स्थाई पट्टो का भूमि हक में परिवर्तन तथा, नजूल परिवर्तन भू-भाटक की वसूली और अविवादित नामांतरण एवं बटवारा के लंबित प्रकरणों के संबंध में जानकारी प्राप्त की और आवश्यक निर्देश दिये। इसी तरह उन्होने जाति प्रमाण पत्र की प्रगति, वर्मी कम्पोस्ट के विक्रय तथा गोठानों एवं चारागाहों में सोलर पंप एवं फेसिंग आदि की समीक्षा की। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोहित व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनील सोनी, अपर कलेक्टर श्री राजेश नशीने, संयुक्त कलेक्टर श्री तीर्थराज अग्रवाल सहित सभी अनुभाग के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व और विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।