
publicuwatch24.com,लोरमी। लोरमी तहसील के एक छोटे से गांव पेंड्रीतालाब में सामान्य किसान परिवार के घर आज बारात आ रही है, और वह भी किसमें… हेलिकॉप्टर से. यही नहीं किसान परिवार ने शादी कार्ड में शामिल होने वालों को ताकीद भी कर दिया है कि कोई व्यक्ति अगर गुटखा खाकर या शराब पीकर पहुंचा तो उन पर जुर्माना लगेगा।
पेंड्रीतालाब के निवासी मनहरण यादव की बेटी साधाना की शादी पेंड्रीघाट, कोटा निवासी अमरनाथ यादव के बेटे रामेश्वर से 15 जुलाई को हो रही है. हेलिकॉप्टर से आने वाली बारात के लिए पास के गाँव लीटिया में हैलीपैड बन गया है. वर के पिता अमरनाथ यादव किसान हैं, जो आठ एकड़ खुद की खेती के साथ साठ एकड़ से ऊपर खेत अधिया में फसल लेते हैं।
अमरनाथ यादव ने बताया उनके पिता बिहारीलाल यादव की इच्छा थी कि उनके पोते की बारात हेलिकॉप्टर से जाए. अब उनकी ख्वाहिश को पूरा करने के लिए हेलिकॉप्टर से बारात जा रही है. यही नहीं रामेश्वर की बारात और शादी में गुटखा खाने और शराब पीने पर कड़ा प्रतिबंध है. शादी के कार्ड में इसका जिक्र करते हुए बताया गया है कि यदि कोई इस बात का उल्लंघन करता है तो उनके लिए जुर्माना का भी प्रावधान है।