
पब्लिकयूवाच-बीजापुर। आज हम आपको एक ऐसे शख्स से मिलाने जा रहे हैं, जो देश- प्रदेश के शिक्षित, संपन्न और संसाधनों से लैस लाखों बेरोजगार युवाओं के लिए प्ररणास्त्रोत बन सकता है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत का एक बेहतरीन उदाहरण बन सकता है. लाॅकडाॅउन के दौरान जब हर वर्ग आर्थिक तंगी से गुजर रहा था, तब बोल न पाने और सुन न पाने वाले इस सख्श की आय दुगुनी हो गई थी. हम बात कर रहे हैं बीजापुर के धुर नक्सल प्रभावित गांव धरमापुर के निवासी देवेन्द्र दुर्गम की. देवेन्द्र नाई का काम करते हैं ।
मूकबधिर ने पेश की स्वरोजगार की मिशाल
2 साल की उम्र में देवेन्द्र को चिकनपाॅक्स हो गया था. जिसके बाद देवेन्द्र की सुनने और बोलने क्षमता खत्म हो गई. मतलब देवेन्द्र गूंगा और बहरा हो गया. करीब 6 साल की उम्र में उसके मां और भाई ने उसे अकेले ही छोड़ दिया. पहले बोलने और सुनने की क्षमता का छीन जाना और अब परिवार का उसे अकेले छोड़ जाना, फिर भी देवेन्द्र ने हिम्मत नहीं हारी. नवमी तक की पढ़ाई देवेंद्र ने अपने मामा के घर पर रह कर पूरी की. इसके बाद देवेन्द्र बाल काटने का काम सीखते हुए अकेले ही किराये के कमरे में रहकर पढ़ाई और रहन सहन का खर्च खुद ही वहन करते हुए बासागुडा के सामान्य से सरकारी स्कूल से ही 12 वीं पास किया. इसके बाद देवेन्द्र बासागुडा से बीजापुर आये और यहां अलग अलग सैलून में नौकरी करने लगे ।
महीने की आय 20 से 25 हजार
बोल नहीं पाने और सुन नहीं पाने के बावजूद देवेन्द्र की हुनर और उसकी सेवा से उसके ग्राहक काफी खुश रहते हैं. अकेले होने के बावजूद देवेंद्र ने किस्मत को कोसे बिना हौसले के साथ आगे बढ़ा और अपने हुनर को रोजगार का जरिया बना लिया. आज देवेन्द्र जिस सैलून में काम करते हैं, उसके संचालक हरिश बताते हैं कि देवेन्द की आय महीने में 20 से 25 रूपए है. लाॅकडाउन के दौरान जब हर वर्ग आर्थिक तंगी के दौर से गुजर रहा था, तब देवेन्द्र की आय दुगुनी हो गई थी ।
बनाया खुद का घर
जब लाॅकडाउन में सभी सैलून बंद हो गये थे, तब लोग बाल कटवाने के लिए देवेन्द्र को अपने घर बुलाने लग गये थे. जिससे देवेन्द्र की आय भी दुगुनी हो गई. जिन्दगी में आये तमाम उतार चढ़ाव के बावजूद देवेन्द्र ने बीजापुर के शांतिनगर में खुद के बलभूते दो कमरे का एक छोटा सा मकान भी बना लिया ।
ग्राहक है देवेंद्र के मुरीद
देवेन्द्र के ग्राहक शहर के बड़े-बड़े हस्ति हैं. सुन नहीं पाने के बावजूद ग्राहक उसके इशारों में समझाते हैं और ग्राहक के मंशानुरूप बालों की कटिंग करता है. देवेन्द्र के चेहरे पर गूंगा और बहरा होने का शिकन तक नहीं रहता. वो जिससे भी मिलता बेहद आत्मीयता और मंत्रमुग्ध कर देने वाली मुस्कान के साथ मिलता ।
