
पब्लिकयूवाच- रायपुर। राज्य शासन ने कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम निंयंत्रण के तहत् पूर्व में 4 मई से रायपुर, कोरबा, कटघोरा और सूरजपुर के पंजीयन कार्यालय को छोड़कर शेष सभी कार्यालय में दस्तावेजों के पंजीयन की अनुमति दी गई थी। अब राज्य शासन ने 13 मई से प्रदेश के सभी पंजीयन कार्यालय में दस्तावेजों की पंजीयन के अनुमति दी गई है। इस संबंध में पंजीयन विभाग द्वारा विभागीय अधिकारियों एवं संबंधितों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। लॉकडाउन के दौरान पंजीयन कार्यालय में अधिक भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से केवल उन पक्षकारों को दस्तावेजों का पंजीयन कराने की अनुमति दी गई है जिन्होंने पहले से ही अपॉइंटमेंट बुक कराया हुआ है।
पहली बार सबसे कम रजिस्ट्री का रिकार्ड, सात प्लाट बिके : पहली बार रायपुर में सबसे कम रिकार्ड रजिस्ट्री होने का रिकार्ड बना। लॉकडाउन में मिली छूट के बीच पहले दिन सिर्फ सात ही रजिस्ट्रियां हुईं, जबकि पिछले साल मई माह की 13 तारीख को 200 रजिस्ट्री हुई थी। इससे करीब चार करोड़ रुपये स्टॉम्प शुल्क के रूप में मिले थे। बुधवार को पंजीयन विभाग के परिसर में लगभग सन्नाटा ही छाया रहा। वैसे पंजीयन अधिकारी का दावा है कि आने वाले दिनों में धीरे-धीरे रजिस्ट्रियां की संख्या में इजाफा होगा। पंजीयन कार्यालय में प्रवेश करने से 200 मीटर पूर्व ही बैरेकेटिंग लगाए गए थे। कोरोना संक्रमण के रोकथाम के लिए शारीरिक दूरी बनाए रखने के लिए दो-दो मीटर पर गोलकार रूप में घेरे बने थे। यहां आने जाने वाले लोगों से उनके मोबाइल पर विभागीय वेबसाइट से मिले अप्वाइंमेंट के मैसेज देखने के बाद ही प्रवेश दिए जा रहे थे। इसकी जांच करने के लिए उप रजिस्टार और पुलिस के जवान तैनात थे। इधर, सुबह रजिस्ट्री कार्यालय में व्यवस्था का निरीक्षण करने के लिए पंजीयन विभाग के उच्चाधिकारी पहुंचे थे।