
पब्लिकयूवाच- रायपुर। लगातार पचास दिनों से लॉकडाउन में अपना व्यापार बंद रखते हुए कोरोना संकट में जन जन की सेवा में लगे होम अप्लायंसेस और बर्तन व्यापारियों ने भी व्यापार प्रारंभ करने की माँग को लेकर कलेक्टर और चैम्बर को ज्ञापन दिया है।
होम अप्लायंसेस वितरक संघ के अध्यक्ष अनिल टाटिया, सचिव अनिल बजाज, बर्तन व्यापारी संघ के अध्यक्ष राजू गांधी, मिलाप टाटिया एवं राकेश सेठिया ने उक्तआशय का बयान जारी करते हुए कहा कि बर्तन और घरेलू रसोई उपकरणों की दुकानें भी पिछले 50 दिनों से बंद है। हमने शासन के साथ पूरा सहयोग किया और हमेशा जन जन की सेवा में सदा तत्पर रहे, लेकिन व्यापार के लिए बर्तन और एप्लायंसेज को पूरी तरह नकारा जाना दुर्भाग्य जनक है।
बर्तन दुकान के बिना किसी घर के किचन का काम नहीं चलता है। प्रेशर कूकर मिक्सी गैस चूल्हा, गैस पाइप, लाइटर स्टील के बर्तन कटोरी चम्मच गिलास कड़ाही आदि के साथ छत्तीसगढ़ की परंपरा के अनुरूप बेटी की शादी में दिया जाने वाला बर्तन (पचहर) शादी के सीज़न में घर घर की आवश्यकता है।
हम इतने दिनों से कोरोना से लड़ते हुए सेवा कार्य में सक्रिय रहे हैं अब अपनी दुकान में भी मास्क लगाना, सेनीटीजर और फिजिकल डिस्टेंस का पूरा पालन करेंगे। बर्तन व्यापारियों ने इस आशय का ज्ञापन मुख्यमंत्री के नाम पर रायपुर दक्षिण के छाया विधायक कन्हैया अग्रवाल को भी दिया है।