
रायपुर । पिछले कई महीने से चल रही बाजार की सुस्ती को सोम और भौम पुष्य नक्षत्र ने दूर कर दिया। कारोबारियों के अनुसार पिछले साल की तुलना में सभी सेक्टरों में इस बार पुष्य का कारोबार 20 फीसद अधिक रहा। अब बाजार में धनतेरस में भी धन बरसने की उम्मीद है। प्रदेश भर में सोम और भौम पुष्य नक्षत्र का कारोबार करीब 130 करोड़ का रहा। ऑटोमोबाइल, सराफा, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़े, बर्तन सहित सभी सेक्टरों में कारोबार काफी अच्छा रहा।
मंगलवार को भौम पुष्य पर भी लोगों ने शुभ मुहूर्तों के अनुसार जमकर खरीदारी की। विशेषकर सराफा संस्थानों में लोगों की भीड़ उमड़ी। सुबह के समय कारोबार की रफ्तार थोड़ी थमी रही, लेकिन दोपहर बाद खरीदार उमड़ और रात तक संस्थानों में रौनक रही। ग्राहकों को रजवाड़ा कलेक्शन, ब्राइडल कलेक्शन, कॉकटेल और लाइटवेट ज्वेलरी की रेंज काफी पसंद आई। सराफा कारोबारियों के ऑफरों को ग्राहकों ेने हाथोहाथ लिया। कई संस्थानों में निश्चित राशि की खरीदारी पर आकर्षक उपहार दिए जा रहे है और नाम लकी ड्रॉ में भी शामिल किया जा रहा है।
दो दिनों में सराफा 65 करोड़ : इलेक्ट्रॉनिक्स 25 करोड़, कपड़ 30 करोड़, बर्तन 10 करोड़।
भौम पुष्य नक्षत्र के दिन ऑटोमोबाइल संस्थानों में डिलीवरी के साथ ही धनतेरस के लिए होने वाली बुकिंग में और बढ़ोतरी हो गई। कारोबारियों के अनुसार इस बार धनतेरस में पिछले साल की तुलना में नया रिकार्ड बनने वाला है। इलेक्ट्रॉनिक्स मार्केट में 25 करोड़ का कारोबार रहा।
शुभ मुहूर्तों में खरीदारी
कीमतों में तेजी के बाद भी शुभ मुहूर्तों में शुभ खरीदारी हुई। महिलाओं ने पसंदीदा गहनों की खरीदारी की और बुकिंग भी करवाई।
-अजय भंसाली, संचालक, भंसाली ज्वेलर्स
झमाझम कारोबार
पिछले साल की तुलना में सराफा कारोबार काफी अच्छा रहा। कीमतें बढऩे के बाद भी पसंदीदा गहनों की खरीदारी हुई।
-प्रतीक अग्रवाल, संचालक, संस्कृति ज्वेलर्स
धनतेरस के लिए बुकिंग भी करवाई
सोने-चांदी की कीमतों में तेजी का असर नहीं रहा और लोगों ने पसंदीदा गहनों की खरीदारी करने के साथ ही धनतेरस के लिए बुकिंग भी करवाई।
-पंकज कांकरिया, संचालक, सुमित ज्वेलर्स
ऑफरों का लाभ उठाया
उपभोक्ताओं ने ऑफरों का लाभ उठाया और अपने पसंदीदा मोबाइल फोन की खरीदारी की। ग्राहकों के फायदे के लिए ही इन दिनों संस्थानों में ऑफर चलाए जा रहे हैं।
-राजेश वासवानी, संचालक, लक्ष्मी इलेक्ट्रॉनिक्स