
रायपुर। छत्तीसगढ़ में दंतेवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में भाजपा के स्टार प्रचारकों की सूची देखने के बाद कांग्रेस भी अपने बड़े स्टार प्रचारकों को बुलाने की तैयारी में है। 11 सितंबर को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दिल्ली जाएंगे और पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी को दंतेवाड़ा में प्रचार के लिए न्योता देंगे।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी पदाधिकारी अब तक यही कह रहे थे कि दंतेवाड़ा में राज्य के नेता ही स्टार प्रचारक होंगे। मुख्यमंत्री बघेल, मंत्री और पार्टी के सांसद बतौर स्टार प्रचारक चुनावी सभाएं करेंगे। इस बीच भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, तीन केंद्रीय मंत्रियों समेत 40 बड़े स्टार प्रचारकों की सूची चुनाव आयोग को सौंप दी, तो अब कांग्रेस भी पार्टी के राष्ट्रीय स्तर के नेताओं बुलाने की कोशिश में लग गई है।
सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी 40 स्टार प्रचारकों की सूची चुनाव आयोग को देगी। उस सूची में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई आला-नेताओं का नाम होगा। उसी सूची को लेकर मुख्यमंत्री 11 सितंबर की शाम दिल्ली जाएंगे।