दंतेवाड़ा। जिले के सरकारी अस्पताल में रविवार की सुबह आग लग गई। ये अस्पताल खास तौर पर गर्भवती महिलाओं और बच्चों के लिए बनाया गया है। सवा महीने पहले ही इसका शुभारंभ प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के हाथों हुआ था। रविवार सुबह 7 बजकर 20 मिनट पर आग की वजह से अस्पताल में हंगामा मच गया। परिजन मरीजों को बचाने भागे। अंदर की तरफ धुआं भर चुका था। छोटे बच्चों को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी । आग की चपेट में चार कमरों में रखा सामान और बेड जलकर राख हो गए। अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ ने सूझबूझ दिखाते हुए यहां भर्ती सारे बच्चों और उसके परिजनों को अस्पताल से बाहर निकालकर उन्हें सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। मरीजों को गीदम के उप स्वास्थ्य केंद्र में शिफ्ट कर दिया गया है। आग की वजह शार्ट सर्किट बताई जा रही है।