
दंतेवाड़ा । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शुक्रवार को अपने दो दिवसीय प्रवास पर बस्तर पहुंचे। जगदलपुर पहुंचने पर सीएम सबसे पहले माई दंतेश्वरी के दर्शन करने पहुंचे जहां उन्होंने पूजा अर्चना के बाद की, इसके बाद वे दंतेवाड़ा के मेनका डोबरा कार्यक्रम स्थल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए स्टालों को निरीक्षण किया। पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ प्रेमसाय टेकाम, आबकारी मंत्री कवासी लखमा, बस्तर सांसद दीपक बैज भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री भूपेश जिस समय स्टालों का निरीक्षण कर रहे थे उसी समय स्व. महेंद्र कर्मा के बड़े बेटे और नगर पालिका अध्यक्ष दीपक कर्मा और आईजी विवेकानंद सिन्हा के बीच काफी विवाद हो गया। कांग्रेसी कार्यकर्ता सीएम भूपेश बघेल के साथ-साथ चलना चाह रहे थे लेकिन बस्तर आईजी विवेकानंद सिन्हा उन सभी कार्यकर्ताओं को दूर कर रहे थे जिनके लिस्ट में नाम नहीं थे।
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को बेरिकेट्स के पीछे रहने को कहा। इस पर दीपक कर्मा ने इस तरह कार्यकर्ताओं को सीएम के पास जाने से रोकने का विरोध किया। उनका कहना था आखिर क्यों कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री जी से दूर किया जा रहा है। वहीं आईजी सिन्हा का कहना था वह ऐसा सीएम साहब की सुरक्षा की दृष्टि कर रहे हैं। उनके पास सिर्फ वहीं लोग जा सकते हैं जिनका सूची में नाम है। आईजी और दीपक कर्मा के बीच बढ़ते विवाद को देखते हुए दूसरे पुलिस अफसरों और कार्यकर्ताओं ने दीपक कर्मा को समझाते हुए वहां से हटाया।