रायपुर/नई दिल्ली । भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की आज पहली पुण्यतिथि है। इस मौके पर देश आज उन्हें याद कर रहा है। उनकी याद में बीजेपी देशभर में कई कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। पार्टी के तमाम नेता आज उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। दिल्ली में अटल जी के स्मृति स्थल सदैव अटल जाकर राष्ट्रपति कोविंद व पीएम मोदी सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए। प्रदेश भाजपा कार्यालय मेें भी स्व. वाजपेयी को श्रद्धाजंलि देने कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। एक साल पहले आज ही के दिन 16 अगस्त, 2018 को अटल बिहारी वाजपेयी जी का 93 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। उनके निधन के बाद भारतीय जनता पार्टी ने उनकी अस्थियों को देश की 100 नदियों में प्रवाहित किया था। और इसकी शुरुआत हरिद्वार में गंगा में विसर्जन के साथ हुई थी। अटल बिहारी वाजपेयी को 2014 में देश के सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया था। राष्ट्र के नाम अपने संदेश में पीएम मोदी ने अटल बिहारी वाजपेयी को याद किया था। उन्होंने अनुच्छेद 370 को हटाए जाने को ऐतिहासिक फैसला बताते हुए कहा था कि जो सपना सरदार पटेल का था, बाबा साहेब अंबेडकर का था, डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी का था, अटल बिहारी वाजपेयी और करोड़ों देशभक्तों का था, वो अब पूरा हो गया है ।