
बिलासपुर / तखतपुर। शराब पीकर शहर में गाड़ी चला रहे मुंगेली के तीन युवकों ने इस कदर तखतपुर में अपनी कार को चलाया कि 7 लोगों की जान बार बार बची वहीं इस कार दुर्घटना में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। गाड़ी में शराब की बोतल और नशे में हालत में मिले युवकों की तखतपुर के लोगों ने जमकर धुनाई की जिसके बाद पुलिस ने अपराध कायम कर मामले में विवेचना प्रारंभ कर दी है। गाड़ी से शराब की बोतलें डिस्पोजल और नशे की हालत में पुलिस ने तीनों युवकों का पंचनामा कराया है।
पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार इन दिनों मुंगेली शहर पहले से ही एक दुष्कर्म के मामले में सुर्खियों में है यहां के युवकों के हालत बताती है कि वे किसी भी नियंत्रण में नहीं है और इसका उदाहरण अभी 1 माह पहले दुष्कर्म में 10 मुंगेली के लोगों का नाम आया था। अभी यह मामला शांत हुआ नहीं है कि मुंगेली के तीन युवा लड़के वैगनआर क्रमांक सीजी 28 एच 5481 से कल रात तखतपुर पहुंचे और पहले बेलपान रोड में जाकर जमकर शराब पी और वहीं से अपनी कार को लेकर आए तीनों युवकों ने इतनी शराब पी रखी थी कि वे होश से बाहर थे और गाड़ी को अत्यंत तेज गति से चला रहे थे।
अपनी कार को बेलपान रोड से तखतपुर की ओर मोड़ दिया और मोडऩे के बाद वाहन की गति इतनी अधिक थी कि चालक शराब की हालत में वाहन को कैसे चला रहा है उसे होश नहीं था। पहले उसने मस्जिद के पास से पैदल समान लेकर जा रहे श्रीमती चंदा केसरवानी पति स्वर्गीय गंगा केसरवानी उम्र 67 वर्ष को इस कदर ठोकर मारी कि वह हवा में उड़कर सड़क किनारे गिर पड़ी।
वही मस्जिद और सुभाष नगर के आसपास के लोग जब मदद के लिए दौड़े तब कार चालक कार उन्हीं लोगों के पीछे दौड़ाने लगा तब लगभग 6 लड़के सड़क किनारे कूदकर अपनी जान बचाए। इधर पार्षद मुकीम अंसारी के छड़ दुकान के पास लगे बोर्ड को ठोकते हुए कार सीधे धनसी अग्रवाल के घर में जाकर घुस गई। कार अनियंत्रित होकर लोगों को दौड़ाते हुए धनसी अग्रवाल के घर के पास जाकर दीवार में रुकी। तब वहां आसपास के खड़े लोग दौड़कर कार के पास पहुंचे और कार में बैठे चालक सहित तीन युवकों को जमकर लताड़ लगाई और लोगों ने अपना हाथ साफ किया। इधर पुलिस को सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची और मौके से तीनों युवकों को भीड़ से निकालते हुए मुलायजा कराने अस्पताल ले जाया गया और कार से शराब की बोतल चखना डिस्पोजल सहित अन्य आपत्तिजनक सामान को भी जप्त किया। पुलिस ने इस मामले में मुंगेली के तीन युवक आशीष मिश्रा पिता स्वतंत्र मिश्रा उम्र 32 वर्ष दूसरे युवक अनीष पांडे पिता स्वर्गीय सतीश पांडे 33 वर्ष निवासी करही मुंगेली और तीसरे युवक कुश पांडे पिता बलभद्र पांडे उम्र 35 वर्ष निवासी करीही मुंगेली इन तीनों युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया।