
रायपुर । रायपुर में पुलिस हिरासत में हो रही मौतों को लेकर नेता प्रतिपक्ष व बीजेपी नेता धरमलाल कौशिक ने कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि पुलिस और आबकारी हिरासत में अब तक करीब 7 लोगों की संदिग्ध मौत हो चुकी है. कौशिक ने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर क्यों पकड़े गए लोग पुलिस हिरासत में आत्महत्या जैसे कदम उठा रहे हैं. उन्होंने कहा कि नैतिकता के आधार पर गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए. नेता प्रतिपक्ष ने अब तक हिरासत में हुई लोगों की मौत की जांच हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त जज की अध्यक्षता में समिति बनाकर किए जाने की मांग की है. साथ ही पीडि़त परिवार को सरकार से उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
इतने लोगों की मौत कई सवाल खड़े करता है
नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने बीजेपी प्रदेश कार्यालय एकात्म परिसर में प्रेस कॉन्फ्र्रेंस के दौरान ये बातें कहीं. उन्होंने बीते 22 जुलाई को अंबिकापुर के साइबर सेल और कवर्धा में आबकारी विभाग की हिरासत में हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा कि आबकारी नियंत्रण कक्ष कवर्धा में हुई युवक की संदिग्ध मौत कई सवालों को जन्म देती है. वहीं घटना के बाद बगैर परिजनों को जानकारी दिए ही मृतक हरिचंद मरावी का पोस्टमार्टम तक करा दिया. कौशिक ने बताया कि इसके बाद बीते 26 जून को बलरामपुर जिले के चंदोरा थाने में कृष्णा सारथी की, 8 अप्रैल को मारवाही थाने में चंद्रिका प्रसाद तिवारी की, 22 जुलाई को पांडुका थाने में चंगोराभाठा निवासी सुनील श्रीवास की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. इसके अलावा मुंगेली और कटघोरा उप जेल में भी दो लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
लिहाजा, धरमलाल कौशिक ने इन सभी मामलों की जांच कर दोषी अफसरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
छजकां के अमित जोगी मानवाधिकार आयोग से करेंगे इसकी शिकायत
इधर, पुलिस हिरासत में हो रही मौतों को छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जे) ने भी गंभीरता से लिया है. छजकां के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने हिरासत में हो रही मौतों के लिए बीजेपी और कांग्रेस दोनों को जिम्मेदार ठहराया है. साथ ही उनसे पीडि़त परिवार को 50-50 लाख रुपए का मुआवजा देने की मांग की है. यहां तक कि इसकी शिकायत उन्होंने मानवाधिकार आयोग से भी करने की बात कही है।
आबकारी विभाग की
कस्टडी में खुदकुशी
कवर्धा जिले में कल ही एक युवक ने खुदकुशी कर ली. जानकारी के मुताबिक युवक ने आबकारी पुलिस की कस्टडी में फंासी लगा ली। मृतक का नाम हरिचंद मेरावी बताया जा रहा है. चिल्फी इलाके के बेंदा गांव के रहने वाले हरिचंद को पुलिस एमपी की शराब बेचने के आरोप में मंगलावर शाम थाने लाई थी. दो आरक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी. बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह युवक बाथरूम गया, लेकिन काफी देर तक वो वापस नहीं आया. काफी देर तक जब युवक नहीं आया तक ड्यूटी पर मौजूद आरक्षकों ने खोजबीन शुरू की. इस दौरान पाया गया कि बाथरूम का दरवाजा अंदर से बंद था. जब दबरवाजा खोला गया तो युवक की फांसी पर लटकी लाश मिली ।