रायपुर । राजधानी में एक बार फिर स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की पोल खुलती हुई नजर आ रही है. कुशालपुर तुलसीनगर में अब तक 10 बच्चों में पीलिया के लक्षण पाए गए हैं. नालियों में पाइप लाइन लीकेज होने से घरों में गंदा पानी आ रहा है लोग दूषित पानी पीने के लिए मजबूर हैं लेकिन निगम अमला इस पर चुप्पी साधे हुए हैं. इस मामले पर स्वास्थ्य विभाग ने आनन-फ़ानन में औपचारिकता पूरी करने यहां शिविर का आयोजन किया है.तुलसी नगर में दो बजे तक ही शिविर लगाया गया है जिससे साफ पता चलता है कि स्वास्थ्य अधिकारी बीमारी को लेकर किस तरह लापरवाही बरत रहे हैं .ये बीमारी शहर में लाइलाज बनती जा रही है ।शिविरों में पहुंचे विशेषज्ञ डॉक्टर और महामारी विशेषज्ञ का कहना है कि कल हमें जानकारी मिली थी उसके बाद आज शिविर लगाया गया है फिलहाल पीलिया से ग्रसित लोगों के सैंपल ले लिए गए हैं और उन्हें पीलिया से बचने की जानकारी दी गई है और दवाई बांटी गई है ।
तो वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां पानी की गंभीर समस्या है जो पानी घरों तक पहुंच रहा है वो पाइप लाइन लीकेज होने की वजह से दूषित हो गया है. लोग गंदा पानी पीने पर मजबूर हैं ।
जो डॉक्टर बयान दे रहे हैं कि बाहर गोले बर्फ़ खाने से पीलिया होता है तो ये पता है कि एक साथ परिवार के लोग क्या बर्फ़ खाने जाते हैं इस तरह के सवाल उठाते हुए लोगों ने निगम और स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही करने का आरोप लगाया है. लोगों ने बताया की स्वास्थ्य अधिकारियों ने यहां शिविर लगाकर महज खानापूर्ति ही की है ।
आपको बता दें कि जिला प्रशासन ने दंडाधिकारी लेवल की टीम गठित की थी जिसका काम शहर में बिक रहे गन्ने का रस बर्फ़ फ़ैक्ट्री आइसक्रीम पार्लर आदि जगहों पर छापेमारी कर लोगों तक स्वच्छ खाद्य और पेय जल पहुंचाना था लेकिन जो टीम गठित की गई उसने ज़िम्मेदारी से काम नहीं किया जिसका असर राजधानी में देखने को मिल रहा है. जिससे पीलिया के मरीज बढ़ रहे हैं ।
गौरतलब है कि लल्लूराम डॉट कॉम ने मोवा में पीलिया की ख़बर को प्रमुखता से उठाया था जिसके बाद जिला प्रशासन स्वास्थ्य विभाग नगर निगम को अलर्ट जारी किया गया था और स्वास्थ्य विभाग ने हर क्षेत्र में महामारी स्वरूप पीलिया को रोकने के लिए कम बैक टीम बनाया था उसके बावजूद इस तरह लगातार एक के बाद एक पीलिया के मामले सामने आना स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता है ।