
दंतेवाड़ा । दंतेवाड़ा से भाजपा विधायक भीमा मंडावी की नक्सली हमले में मारे जाने के मामले की जांच में तेजी आ सकती है. अब एनआईए ने छत्तीसगढ़ सरकार से विधायक भीमा मंडावी हत्याकांड की पूरी डिटेल मांगी है. मिली जानकारी के मुताबिक एनआईए की इंवेस्टिगेशन टीम अगले हफ्ते छत्तीसगढ़ भी आ सकती है. इस दौरान कुछ लोगों से पूछताछ की भी संभावना जताई जा रही है. मालूम हो कि कुछ दिन पहले ही छत्तीसगढ़ सरकार ने भाजपा विधायक भीमा मंडावी की नक्सली हमले में मारे जाने के मामले में केंद्र सरकार को एक पत्र लिखा था ।
राज्य सरकार ने केंद्र सरकार द्वारा दिए गए एनआईए (NIA) जांच के आदेश पर पुनर्विचार करने की अपील की थी. केन्द्रीय गृह सचिव को पत्र भेजकर राज्य सरकार ने बताय था कि भीमा मंडावी पर हुए नक्सली हमले की जांच अंतिम चरण में है. इस मामले में जांच को पूरा किया जाना बेहद जरूरी है. उस लिहाज से एनआईए को केस सौंपने के आदेश पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए. बता दें कि 17 मई को केंद्र सरकार ने इस मामले में एनआईए जांच के आदेश दिए थे. जांच एजेंसी ने राज्य सरकार से इस मामले से जुड़ी जानकारी मांगी थी. लेकिन एनआईए को मामले से जुड़ी कोई जानकारी नहीं सौंपी गई थी. अब फिर जांच एजेंसी द्वारा मामले से जुड़ी जानकारी मांगी गई है ।