रायपुर । पूर्व मुख्यमंत्री डाक्टर रमन सिंह के प्रमुख सचिव रहे अमन कुमार सिंह और उनकी पत्नी यास्मिन सिंह की मानहानि से जुड़ी याचिका पर सुनवाई करते हुए रायपुर कोर्ट ने कांग्रेस प्रवक्ता आर पी सिंह और पत्रिका अखबार के पूर्व संपादक गिरीराज शर्मा को छह-छह महीने की सजा और दस-दस हजार रूपए जुर्माने की सजा सुनाई है।जानकारी देते हुए एडवोकेट राकेश सोती ने बताया कि आज रायपुर कोर्ट में जस्टिस विनय प्रधान की कोर्ट ने ये सजा सुनायी। ये पूरा मामला 30 अक्टूबर 2013 का है, जब पत्रिका अखबार के एक अंकर में अमन सिंह के दुबई भागने और आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के साथ-साथ पत्नी को अनुचित लाभ पहुंचाने, पत्नी के नाम पर संपत्ति खरीदने जैसे कई गंभीर आरोप लगाये गये थे। उस वक्त कांग्रेस ने इस मामले में प्रेस कांफ्रेंस की थी, जो प्रवक्ता आरपी सिंह की तरफ से की गयी थी।