रायपुर । दुर्ग रेंज आईजी आईजी हिमांशु गुप्ता ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजनांदगांव सीएसपी को शोकॉज नोटिस जारी किया है इसके साथ ही एक थाना प्रभारी को लाइन अटैच कर दिया है. वहीं तीन अन्य विवेचकों को तबादला कर दिया गया है।दरअसल आईजी ने यह कार्रवाई आकस्मिक निरीक्षण के दौरान की है. आईजी हिमांशु गुप्ता, डीआईजी रतन लाल डांगी, राजनांदगांव एसपी कमलोचन कश्यप के साथ राजनांदगांव थाना का आकस्मिक निरीक्षण किया । औचक निरीक्षण के दौरान थाने के मालखाना, जब्ती माल का निराकरण, शस्त्रागार इत्यादि के रखरखाव में भारी लापरवाही तथा बड़ी संख्या में विवेचना तथा वारंट लंबित पाए गए।
जिसके बाद आईजी ने थाना प्रभारी शिवेन्द्र राजपूत सहित तीन अन्य स्टाफ की लापरवाहियों के मद्देनजर उनके खिलाफ कार्रवाई की. कार्रवाई के तहत थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया गया है. जबकि विवेचना करने वाले तीनों कर्मचारियों का तबादला कर दिया । इसके साथ ही आईजी ने सीएसपी अनूप लकड़ा को भी इस मामले में जिम्मेदार मानते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करवाया. वहीं इस मामले को बड़ी लापरवाही मानते हुए इसकी तीन दिन के भीतर जांच करने और थाना के कार्यों को सुचारु रुप से करने के निर्देश दिये हैं।
गौरतलब है कि सत्ता परिवर्तन के साथ ही सूबे की पुलिस और उसकी कार्यशैली में भी बड़ा बदलाव आया है. विभाग के कार्यों में कसावट और गंभीरता लाने के डीजीपी ने कड़े निर्देश दिये थे. इसके साथ ही उन्होंने आम जनता की समस्याओं, उनकी शिकायतों को गंभीरता से और समय पर उसका निराकरण करने के भी सख्त निर्देश तमाम अधिकारियों को दिये थे।