रायपुर । लोकसभा निर्वाचन में शत प्रतिशत मतदान के लिए जिले में मोर रायपुर -वोट रायपुर के तहत आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों में क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला आज नेताजी सुभाष स्टेडियम में शाम 6 बजे से आयोजित होगा। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुब्रत साहू द्वारा उपस्थित जनसमुदाय को निर्वाचन में मतदान का संकल्प दिलाया जाएगा। जिले में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रमों की फोटो प्रदर्शनी भी स्टेडियम में लगायी जा रही है जिसका साहू शुभारंभ करेंगे। वहीं एक अप्रैल को शाम 4 बजे महिला एवं बाल विकास विभाग की करीब एक हजार महिलाओं द्वारा रायपुर के इंडोर स्टेडियम से सुभाष स्टेडियम तक मतदाता जगरूकता बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा।
यह बाईक रैली बूढ़ापारा से कालीबांधी पुलिस लाईन कुलेश्वर महादेव मंदिर, पुरानी बस्ती थाना, शारदा चौक, कचहरी चौक से निर्वाचन आयोग कार्यालय होते हुए सुभाष स्टेडियम पहुंचेगी। बाईक रैली के समापन पर मतदान से जुड़ी कुरीतियों का दहन, लोगों को मत रक्षासूत्र बांधने के साथ ही मतदाता जागरूकता के विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। गौरतलब है कि लोगों को मतदान के लिए प्रेरित जिला प्रशासन मोर रायपुर-वोट रायपुर के तहत आयोजित इस क्रिकेट टूर्नामेंट में 16 विभागों सहित प्रेस क्लब की टीम ने हिस्सा लिया था। इस दौरान टीमों के बीच करने रोमाचंक मैच हुए। बड़ी संख्या में दर्शकों ने मैच का आनंद उठाया और स्वयं मतदान करने तथा दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।