दुर्ग, भिलाई। दुर्ग के रविशंकर स्टेडियम में आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पूर्व मुख्यमंत्री अजीत और डॉ. रमन सिंह पर एक साथ निशान साधा। उन्होंने अजीत जोगी का नाम लिए बगैर कहा कि जनता कहती थी कि तुम्हारे पार्टी के एक व्यक्ति को बाहर निकाल दो तो कांग्रेस सत्ता में आ जाएगी। लोग जैसा कहते थे वैसा हुआ भी। वह व्यक्ति बाहर चला गया और कांग्रेस का वनवास खत्म हो गया।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने यह भी कहा कि कांग्रेस से बाहर गया व्यक्ति यदि पार्टी बनाकर चुनाव नहीं लड़ता तो छत्तीसगढ़ में भाजपा का हाल दिल्ली की तरह होता। छत्तीसगढ़ में भाजपा तीन सीट पर सिमट जाती। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भाजपा ने सिर्फ तीन सीटों पर ही कांग्रेस को सीधी टक्कर दी है, बाकी 12 सीटें उसने त्रिकोणीय मुकाबले में जीता है। उन्होंने अजीत जोगी का नाम लिए बगैर यह भी कहा कि वे पार्टी में रहकर रमन सिंह को फायदा पहुंचाते थे और पार्टी से जाने के बाद भी उन्हीं को फायदा पहुंचाया।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की 15 साल बाद सत्ता में वापसी हुई है। रमन सरकार के खिलाफ जनता में आक्रोश था, इस कारण कांग्रेस को तीन चौथाई बहुमत मिला। खुद कांग्रेस ने इसकी कल्पना नहीं की थी। भाजपाई भी कहते थे कि राजस्थान में कांग्रेस सरकार बनाएगी। मध्यप्रदेश में फिफ्टी-फिफ्टी की स्थिति दिख रही है और छत्तीसगढ़ मेें रमन सिंह को सरकार बनाने एक दो सीटों के लिए जोड़-तोड़ करनी पड़ सकती है। अभिनंदन समारोह में मुख्यमंत्री के अलावा कैबिनेट मंत्री सहित अविभाजित दुर्ग जिले के कांग्रेसी विधायक भी मौजूद रहे।