रायपुर। छत्तीसगढ़ की नव गठित पांचवीं विधानसभा का पहला सत्र शुक्रवार को सदस्यों के शपथ ग्रहण के साथ शुरू हुआ। प्रोटेम स्पीकर रामपुकार सिंह ने सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। सबसे पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शपथ ली। खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित मंत्रिमण्डल के कई सदस्यों ने छत्तीसगढ़ी भाषा में शपथ ली। भूपेश इससे पहले सीएम पद की पहली शपथ छत्तीसगढ़ी भाषा में ही लेना चाहते थे, लेकिन राजभवन के नियम में यह भाषा शामिल नहीं होने की वजह से वे छत्तीसगढ़ी भाषा में शपथ लेने से वंचित रह गए थे। अब विधानसभा में उनकी यह इच्छा पूरी हो गई।
मंत्रिमण्डल के सदस्यों के बाद अन्य विधायकों ने शपथ ली। वरिष्ठ नेता और रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से विधायक सत्यनारायण शर्मा ने विधायकों के क्रम में सबसे पहले शपथ ली। लुण्ड्रा के कांग्रेस विधायक चिंतामणि महाराज ने संस्कृत भाषा में और विधायक अम्बिका सिंहदेव ने अंगे्रजी भाषा में शपथ ली।
विधानसभा का पहला सत्र 4 जनवरी से 9 जनवरी तक चलेगा। पहले दिन सभी मंत्रिमण्डल सदस्यों और विधायकों के शपथ ग्रहण के बाद पहले दिन की विधानसभा की कार्रवाई हुई। 5 जनवरी से विधानसभा में जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विधायकों द्वारा चर्चा शुरू होगी।