करनपुर कोबरा बटालियन कैंप में जवानों ने गीत गाकर किया प्रधानमंत्री का स्वागत, मोदी ने अपने हाथों से खिलाई काजू कतली; सुरक्षाबलों के साथ साझा की दीपावली की खुशियां
publicuwatch24.-जगदलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार 13वीं बार देश के वीर जवानों के साथ दीपावली मनाई। इस बार उन्होंने छत्तीसगढ़ के बस्तर को चुना और करनपुर CRPF की कोबरा बटालियन कैंप में जवानों के साथ दिवाली की खुशियां मनाई। इस दौरान जवानों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
जवानों ने गीत गाकर किया PM मोदी का स्वागत
PM मोदी के CRPF कैंप पहुंचते ही जवानों ने फिल्म ‘बॉर्डर’ का मशहूर गीत ‘मैं एक दिन आऊंगा’ गाकर उनका स्वागत किया। गीत की गूंज के बीच प्रधानमंत्री भी जवानों के साथ आत्मीय अंदाज में नजर आए। उन्होंने जवानों को अपने हाथों से काजू कतली खिलाई और दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
PM मोदी ने जवानों को किया संबोधित, कहा- आप सभी मेरे परिवार के सदस्य
इस दौरान पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि आज पूरे देश में और दुनिया के कोने-कोने में करोड़ों भारतीय रोशनी का यह शुभ त्योहार मना रहे हैं। लोग दूर-दूर से अपने घरों में लौट रहे हैं। यह परिवारों और प्रियजनों के लिए एक साथ आने और जश्न मनाने का एक बड़ा अवसर है। मैं भी दिवाली मनाने के लिए आप सबके बीच आया हूं। जो लोग सीमाओं पर और देश के भीतर राष्ट्र की रक्षा करते हैं, राष्ट्र के रक्षक और भारत माता के वीर पुत्र-पुत्रियां, आप सभी मेरे परिवार के सदस्य हैं।
साल 2026 की ये दीवाली विशेष है- PM मोदी
वहीं उन्होंने आगे कहा कि साल 2026 की ये दीवाली वाकई विशेष है! ये पहली दीवाली है, जब देश नक्सलवाद-माओवादी आतंक के खिलाफ दशकों पुरानी लड़ाई जीत चुका है। ये पहली दीवाली है, जब देश का हर जिला नक्सलवाद से मुक्त है। ये पहली दीवाली है, जब करोड़ों देशवासी नक्सलवाद के भय को परास्त कर चुके हैं।
47 साल में पहली बार एक साल में किसी CRPF जवान की नहीं गई जान
47 साल बाद, पहली बार ऐसा हुआ है, जब पिछले एक वर्ष में CRPF के एक भी जवान को duty के दौरान जान नहीं गंवानी पड़ी। ये देश की सही नीतियों और दृढ़ इच्छाशक्ति की जीत है। हमने सेवा भाव से नक्सल प्रभावित इलाकों में लोगों के जीवन को बदला। इसलिए, नक्सलवाद से पीड़ित लोग भी सरकार और सुरक्षाबलों के साथ मजबूती से खड़े हुए हैं। आज एक तरफ 50 करोड़ लोग भीषण गरीबी से बाहर आए हैं। दूसरी ओर, देश में नक्सली हिंसा का भी अंत हुआ है।
जवानों से मुलाकात कर बढ़ाया उत्साह
इसके साथ ही उन्होंने करनपुर CRPF की कोबरा बटालियन कैंप में सीआरपीएफ, कोबरा, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स के जवानों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया। इतना ही नहीं उनके अदम्य साहस, समर्पण और देश के प्रति सेवाभाव की सराहना की।
शहीद जवानों को अर्पित की श्रद्धांजलि
इस दौरान प्रधानमंत्री ने देश की सुरक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। करीब ढाई घंटे तक करनपुर कैंप में समय बिताने के बाद प्रधानमंत्री मोदी जगदलपुर के मां दंतेश्वरी विमानतल पहुंचे, जहां से वे रायपुर के लिए रवाना हुए।
PM मोदी से मिलकर खुश हुए जवान
वहीं सीआरपीएफ कोबरा के जवान ने बताया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर काफी खुश है। नक्सलवाद के अंत को लेकर प्रधानमंत्री ने सभी जवानों को बधाई दी।
PM मोदी ने सुबह X पर दी बस्तर आने की जानकारी
बता दें कि PM मोदी ने सोशल मीडिया X पर आज सुबह 9 बजकर 41 मिनट पर पोस्ट कर बस्तर आने की जानकारी दी थी। इस दौरान उन्होंने लिखा था कि “दीपावली के पावन अवसर पर बस्तर जा रहा हूं। कल तक जहां नक्सलियों का कहर था, वहां आज विकास की बहार है। वीर जवानों, उनके बलिदान, त्याग और तपस्या को नमन करने जा रहा हूं।” सोशल मीडिया पर पोस्ट के बाद वे 12 बजे के आसपास बस्तर पहुंच गए थे और जवानों के साथ मिलकर डेढ़ बजे के आसपास वापस रवाना हो गए।
