publicuwatch24.-धमतरी। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जारी सेवा शर्तों एवं शासन के प्रचलित निर्देशों के अनुरूप जिला पंचायत धमतरी ने मानवीय संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए स्वर्गीय भूपेन्द्र देवांगन की पुत्री सुश्री गायत्री देवांगन को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की है। उनके पिता के निधन के तीन माह से भी कम समय में नियुक्ति की प्रक्रिया पूर्ण कर उन्हें पंचायत सचिव (कर्मी) के पद पर नियुक्ति आदेश सौंपा गया। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जयंत नाहटा ने जिला पंचायत कार्यालय में सुश्री गायत्री देवांगन को नियुक्ति आदेश प्रदान किया।
स्वर्गीय भूपेन्द्र देवांगन जनपद पंचायत नगरी अंतर्गत ग्राम पंचायत खम्हरिया में पंचायत सचिव के पद पर कार्यरत थे। उनका 04 मई 2026 को हृदयगति रुकने से निधन हो गया था। सेवा अवधि में उनकी लगभग आठ वर्ष की अवधि शेष थी। उनके आकस्मिक निधन से परिवार के सामने उत्पन्न आर्थिक एवं सामाजिक कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए शासन के प्रावधानों के तहत उनकी पुत्री सुश्री गायत्री देवांगन को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की गई है।
सुश्री गायत्री देवांगन को दो वर्ष की परिवीक्षा अवधि पर अस्थायी रूप से जनपद पंचायत नगरी में पदस्थ किया गया है। नियुक्ति के बाद उन्हें दो माह की उन्मुखीकरण अवधि में जनपद पंचायत नगरी में कार्य करने का अवसर दिया गया है। इस दौरान वे पंचायत सचिव के दायित्वों, पंचायतों के प्रशासनिक कार्यों तथा शासन की विभिन्न ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की कार्यप्रणाली से परिचित होंगी। उन्मुखीकरण अवधि पूर्ण होने के बाद संबंधित जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा रिक्त ग्राम पंचायतों के प्रस्ताव के आधार पर उनकी पदस्थापना की जाएगी।
नियुक्ति शासन द्वारा निर्धारित सेवा शर्तों एवं नियमों के अधीन होगी। परिवीक्षा अवधि के दौरान उनके कार्य, व्यवहार एवं आचरण का नियमित मूल्यांकन किया जाएगा। नियुक्ति आदेश के अनुसार सुश्री देवांगन को पांच दिवस के भीतर अनिवार्य रूप से कार्यभार ग्रहण करना होगा। निर्धारित अवधि में कार्यभार ग्रहण नहीं करने की स्थिति में नियुक्ति आदेश स्वतः निरस्त माना जाएगा।
इस अवसर पर जिला पंचायत के जिला लेखाधिकारी चंदन टंडन एवं उपसंचालक पंचायत नकुल प्रसाद वर्मा उपस्थित थे।
अनुकंपा नियुक्ति के माध्यम से परिवार के एक सदस्य को रोजगार का अवसर प्रदान कर उसे आर्थिक संबल उपलब्ध कराना शासन की संवेदनशील प्रशासनिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सुश्री गायत्री देवांगन को उनके पिता की शासकीय सेवा के दायित्वों से जुड़े परिवार को उपलब्ध इस अवसर से भविष्य में अपने परिवार की जिम्मेदारियों को संभालने में सहयोग मिलेगा।
Trending
- प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से अन्नू तिवारी को मिला मातृत्व के दौरान आर्थिक संबल
- सैनिक स्कूल अंबिकापुर का 18वां स्थापना दिवस समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न
- वर्तमान पर फोकस करें, निरंतर सीखते रहें और समाज के लिए योगदान दें- डेका
- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल से नवा रायपुर में खुलेगा प्रतिष्ठित NMIMS, उच्च शिक्षा के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ लगाएगा नई छलांग
- ढलानों पर बनेगी जल-संरक्षण की राह, संवरेंगे खेत और गांव
- पिता के निधन के तीन माह से भी कम समय में बेटी को मिली अनुकंपा नियुक्ति” सीईओ नाहटा ने सौंपा नियुक्ति आदेश
- बिहार की 48 वर्षीय महिला के हृदय की तीनों धमनियों में था गंभीर ब्लॉकेज, अम्बेडकर अस्पताल में बिना हार्ट रोके सफल बाईपास सर्जरी
- राज्यपाल रमेन डेका ने कुलसचिवों की बैठक में तय की उच्च शिक्षा की प्राथमिकताएं, NEP-2020 और प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश
Tuesday, September 1
