publicuwatch24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ में विद्यालयों को शिक्षा के साथ पोषण, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता का केंद्र बनाने की दिशा में सूरजपुर जिले ने बैगलेस डे पर उल्लेखनीय पहल की।
जिले के लगभग 500 प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में एक साथ पोषण वाटिका निर्माण, न्योता भोजन, अतिरिक्त पूरक पोषण आहार वितरण तथा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान का आयोजन किया गया। इस अभिनव पहल में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के तहत विद्यालय परिसरों में सेमी, लौकी, बरबट्टी, खीरा, तरोई सहित विभिन्न मौसमी सब्जियों का रोपण किया गया। इन पोषण वाटिकाओं में तैयार होने वाली ताजी सब्जियों का उपयोग प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत मध्यान्ह भोजन में किया जाएगा। इससे बच्चों को पौष्टिक भोजन मिलने के साथ प्राकृतिक खेती, जैविक कृषि और पोषण के प्रति व्यवहारिक समझ भी विकसित होगी।
बैगलेस डे के अवसर पर अनेक विद्यालयों में “न्योता भोजन” का आयोजन भी किया गया, जिसमें स्थानीय नागरिकों और समाजसेवियों ने बच्चों के लिए फल, मिठाई एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया। वहीं “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया और पौधों की देखभाल का संकल्प लिया गया।
जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती लता बेक ने कहा कि बैगलेस डे केवल पुस्तकों से अलग एक दिन नहीं, बल्कि बच्चों को जीवनोपयोगी कौशल, सामुदायिक सहयोग, श्रम का सम्मान और प्रकृति से जुड़ाव सिखाने का प्रभावी माध्यम है। सूरजपुर का यह नवाचार शिक्षा, पोषण और जनसहभागिता के समन्वित मॉडल के रूप में प्रदेश के अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन रहा है।
Trending
- शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत आधारशिला : वन मंत्री केदार कश्यप
- खैरागढ़ के ग्राम खौड़ा में नवनिर्मित पंचायत भवन का उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया लोकार्पण
- उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने देर शाम सहसपुर लोहारा के ग्रामीण अंचलों का किया दौरा ग्रामीणों से आत्मीय मुलाकात कर सुनी समस्याएं, कई विकास कार्यों की दी सौगात
- कृषक उन्नति योजना से मिली नई उड़ान, बोनस राशि से खरीदा ट्रैक्टर
- मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से ड्राइविंग लाइसेंस की समस्या का हुआ समाधान
- शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ेंगे 1200 बच्चे: तीन महीने के ‘ब्रिज कोर्स’ से तय होगी कक्षा
- आत्मनिर्भरता की नई मिसाल: PMEGP योजना से पंख लगे तुलेन्द्री के सपनों को
- अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस पर होगा ‘रन फॉर इंद्रावती’ मैराथन का आयोजन
Saturday, July 25
