’11 घरों में नल कनेक्शन से खत्म हुई हैंडपंप और कुओं पर निर्भरता,
महिलाओं को मिली बड़ी राहत’
publicuwatch24.-रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा संचालित जल जीवन मिशन ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहा है। सरगुजा जिले के विकासखंड लखनपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत गणेशपुर के आश्रित ग्राम जनकपुर में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का समाधान हो गया है।
जिला मुख्यालय से लगभग 33 किलोमीटर दूर स्थित जनकपुर गांव में 11 परिवार निवासरत हैं। पहले यहां के ग्रामीण पेयजल के लिए हैंडपंप और कुओं पर निर्भर थे। बरसात के दौरान गंदा पानी निकलने से बीमारियों का खतरा बना रहता था, वहीं गर्मियों में जलस्तर गिरने से कुएं सूख जाते थे और हैंडपंपों से भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता था। पानी भरने के लिए ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता था, जिससे घरेलू और कृषि कार्य प्रभावित होते थे।
अब जल जीवन मिशन के तहत गांव के सभी 11 घरों में नल कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। गांव में 10 हजार लीटर क्षमता की स्टील स्ट्रक्चर पानी टंकी का निर्माण किया गया है, जिसके माध्यम से प्रत्येक घर तक नियमित रूप से शुद्ध पेयजल पहुंचाया जा रहा है। योजना पूर्ण होने के बाद जनकपुर को “हर घर जल ग्राम” घोषित किया गया है।
ग्राम सरपंच श्रीमती वृक्षमनिया देवी ने बताया कि जल जीवन मिशन से गांव के लोगों को बड़ी राहत मिली है और अब प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंच रहा है। योजना के सुचारू संचालन और निगरानी के लिए ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति का गठन किया गया है। साथ ही पांच महिलाओं के जल वाहिनी समूह द्वारा समय-समय पर पानी की गुणवत्ता की जांच भी की जा रही है।
उपसरपंच अनिल ने बताया कि पहले पेयजल के लिए हैंडपंपों पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे काफी समय व्यर्थ होता था। अब घर-घर नल से पानी मिलने के कारण महिलाओं को बड़ी सुविधा हुई है और वे घरेलू व कृषि कार्य समय पर कर पा रही हैं। ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन को गांव के लिए वरदान बताया है।
