
पब्लिकयूवाच- कोण्डागांव । राज्य शासन द्वारा बस संचालकों को विशेष अवसरों जैसे धार्मिक आयोजन, मेला, विवाह आदि के लिए मोटर वेहिकल एक्ट 1988 की धारा 87(1)(a) के तहत् दिये जाने वाले परमीट को पूर्णतः ऑनलाईन कर दिया गया है। ज्ञात हो कि पूर्व में बस संचालकों को परमीट हेतु आवेदन के पश्चात् तीन से चार दिनों के लिए परमीट जारी किया जाता था परन्तु राज्य सरकार के सड़क परिवहन के निर्देशानुसार अब बस संचालकों को परमीट हेतु ऑनलाईन मंत्रालय की साईट पर जाकर आवेदन करना होगा। जहां उन्हें आवेदन के पश्चात् तत्काल ही परमीट जारी हो जाएगा। जिसका वह हॉर्ड कॉपी के रूप में प्रिंट कर अपने पास रख सकते हैं।
इसके अतिरिक्त निजी एवं व्यवसायिक वाहन मालिकों को अपने वाहन संख्या के साथ मोबाईल नम्बर जोड़े जाने हेतु राज्य शासन द्वारा ऑनलाईन सुविधा प्रदान की जा रही है। जिसके अंतर्गत वाहन स्वामी स्वयं के वाहन के साथ अपने मोबाईल नम्बर को लिंक एवं अपडेट कर सकेंगे। जिससे टैक्स, परमीट आदि संबंधी कार्यो में आसानी होगी।